डीआरजी बीजापुर की बड़ी कामयाबी: लंकापल्ली कच्ची सड़क पर माओवादियों के 2 शक्तिशाली IED बरामद, मौके पर सुरक्षित नष्ट

डीआरजी बीजापुर, थाना ईलमिड़ी, छसबल 9वीं वाहिनी और बीडीएस टीम की संयुक्त कार्रवाई में लंकापल्ली क्षेत्र में माओवादियों द्वारा लगाए गए 20–30 किलो के दो IED बरामद कर सुरक्षित रूप से नष्ट किए गए। सुरक्षा बलों की सतर्कता से बड़ी साजिश नाकाम हुई।

Jan 29, 2026 - 18:05
 0  7
डीआरजी बीजापुर की बड़ी कामयाबी: लंकापल्ली कच्ची सड़क पर माओवादियों के 2 शक्तिशाली IED बरामद, मौके पर सुरक्षित नष्ट

UNITED NEWS OF ASIA.पी.सतीश,बीजापुर। माओवादी गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे लगातार अभियान के तहत डीआरजी बीजापुर, थाना ईलमिड़ी, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (छसबल) 9वीं वाहिनी एवं बीडीएस टीम बीजापुर को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम ने लंकापल्ली कच्ची सड़क पर माओवादियों द्वारा लगाए गए दो शक्तिशाली IED (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) बरामद कर उनकी नापाक साजिश को समय रहते विफल कर दिया।

जानकारी के अनुसार दिनांक 29 जनवरी 2026 को डीआरजी बीजापुर, थाना ईलमिड़ी एवं छसबल 9वीं वाहिनी की संयुक्त टीम ईलमिड़ी–लंकापल्ली क्षेत्र में सर्चिंग एवं एरिया डॉमिनेशन अभियान पर निकली थी। अभियान के दौरान टीम द्वारा डिमाइनिंग कार्यवाही की जा रही थी। इसी दौरान लंकापल्ली कच्ची सड़क पर माओवादियों द्वारा रोड के बीचों-बीच कमांड स्विच सिस्टम से लगाया गया 20 से 30 किलोग्राम वजन के दो IED का पता चला।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि माओवादियों ने इन IED को बड़े वाहनों और सुरक्षा बलों को निशाना बनाने के उद्देश्य से लगाया था। यदि समय रहते इन्हें निष्क्रिय नहीं किया जाता, तो बड़ी जनहानि की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता था।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तुरंत बीडीएस (बम डिस्पोजल स्क्वॉड) बीजापुर को मौके पर बुलाया गया। बीडीएस टीम ने सभी सुरक्षा मानकों और प्रक्रियाओं का पालन करते हुए दोनों IED को मौके पर ही सुरक्षित रूप से नष्ट कर दिया। इस पूरी कार्रवाई को अत्यंत सतर्कता और सूझबूझ के साथ अंजाम दिया गया।

सुरक्षा बलों की त्वरित कार्रवाई और पेशेवर दक्षता के चलते माओवादियों की एक और घातक साजिश नाकाम हो गई। इस सफलता से क्षेत्र में तैनात जवानों का मनोबल और अधिक मजबूत हुआ है।

पुलिस एवं सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और आम नागरिकों की जान-माल की रक्षा के लिए आगे भी सर्चिंग एवं एरिया डॉमिनेशन अभियान लगातार जारी रहेगा। माओवादियों की किसी भी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और उनके खिलाफ सख्त एवं प्रभावी कार्रवाई की जाती रहेगी।