धमतरी ट्रिपल मर्डर केस में बड़ा फैसला, 5 आरोपियों को उम्रकैद
धमतरी के बहुचर्चित ट्रिपल मर्डर केस में करीब एक साल बाद अदालत ने फैसला सुनाया है। अपर सत्र न्यायाधीश मोहन कोर्राम की अदालत ने हत्या के मामले में 5 आरोपियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई। एक आरोपी को आर्म्स एक्ट के तहत 3 साल की सजा दी गई, जबकि बलवा और मारपीट के मामलों में भी आरोपियों को सजा सुनाई गई है। अदालत ने सभी सजाओं को एक साथ चलाने का आदेश दिया है।
UNITED NEWS OF ASIA. रिजवान मेमन, धमतरी l जिले के बहुचर्चित ट्रिपल मर्डर केस में करीब एक साल बाद अदालत ने बड़ा फैसला सुनाया है। अपर सत्र न्यायाधीश मोहन कोर्राम की अदालत ने मामले में 8 आरोपियों में से 5 आरोपियों को हत्या के आरोप में आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। वहीं एक आरोपी को आर्म्स एक्ट के तहत 3 साल की सजा दी गई है। इसके अलावा बलवा के आरोप में सभी 8 आरोपियों को 2-2 साल और मारपीट के मामले में 6-6 महीने की सजा सुनाई गई है। अदालत ने सभी सजाओं को एक साथ चलाने का आदेश दिया है।
दरअसल, 12 अगस्त 2025 की रात धमतरी के अर्जुनी थाना क्षेत्र के मथुराडीह स्थित अन्नपूर्णा मराठा ढाबे में हुए इस हत्याकांड ने पूरे जिले को हिलाकर रख दिया था। जानकारी के मुताबिक रायपुर से आए चार दोस्त अपने साथी राहुल को लेने धमतरी के सोरम गांव पहुंचे थे। इसके बाद सभी खाना खाने के लिए ढाबे पहुंचे, जहां पहले से ही कुछ युवक मौजूद थे।
बताया गया कि ढाबे में बीड़ी मांगने को लेकर विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। आरोप है कि युवकों के एक समूह ने धारदार हथियारों से हमला किया। घटना में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि चौथा युवक किसी तरह वहां से निकलने में सफल रहा। इस घटना के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू की।
पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर मामले से जुड़े सभी 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। मामले में मुख्य आरोपी के रूप में गोपी दीवान का नाम सामने आया था। गिरफ्तार आरोपियों में गोपी दीवान, कुलेश्वर नेताम, रणवीर कुमार, कमलेश ध्रुव और गौतम दीवान सहित अन्य आरोपी शामिल थे। मामले में तीन नाबालिगों के शामिल होने की बात भी सामने आई थी।
घटना के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी के दौरान सामने आई एक तस्वीर भी चर्चा में रही थी। पुलिस वाहन में बैठाए जाते समय कुछ आरोपियों द्वारा विक्ट्री साइन दिखाए जाने को लेकर भी सवाल उठे थे।
करीब एक साल तक चली सुनवाई और न्यायिक प्रक्रिया के बाद अदालत ने अब हत्या के मामले में 5 आरोपियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। इसके साथ ही अन्य धाराओं में भी आरोपियों को दोषी ठहराते हुए सजा दी गई है। अदालत का यह फैसला धमतरी के बहुचर्चित हत्याकांड में महत्वपूर्ण पड़ाव माना जा रहा है।
मामले में पुलिस पक्ष की ओर से धमतरी एसपी भावना पाण्डेय ने भी घटना और पुलिस कार्रवाई से जुड़ी जानकारी दी थी। अदालत के फैसले के बाद अब दोषियों को न्यायालय द्वारा निर्धारित सजा भुगतनी होगी।