धमतरी पुलिस ने पीएम किसान सम्मान निधि कार्यक्रम के लिए हाई अलर्ट किया

19 नवंबर 2025 को धमतरी में आयोजित प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 21वीं किस्त के कार्यक्रम के मद्देनज़र जिला पुलिस ने सुरक्षा तैयारियों को और अधिक सुदृढ़ किया। एसपी धमतरी ने हेलीपैड, कार्यक्रम स्थल, रूट, पार्किंग और भीड़ प्रबंधन समेत सभी सुरक्षा पहलुओं की विस्तृत समीक्षा की और थाना-स्तरीय गश्त एवं चेकिंग के सख्त निर्देश दिए।

Nov 19, 2025 - 12:03
 0  26
धमतरी पुलिस ने पीएम किसान सम्मान निधि कार्यक्रम के लिए हाई अलर्ट किया

 UNITED NEWS OF ASIA. रिजवान मेमन,  धमतरी। 19 नवंबर को धमतरी में आयोजित प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 21वीं किस्त के कार्यक्रम के दौरान कई उच्च स्तरीय वीवीआईपी गणमानुओं के आगमन को देखते हुए धमतरी पुलिस ने सुरक्षा तैयारियों को और अधिक सुदृढ़ किया है। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री  शिवराज सिंह चौहान, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और आधा दर्जन से अधिक अन्य वीवीआईपी शामिल होंगे।

धमतरी पुलिस अधीक्षक  सूरज सिंह परिहार ने हेलीपैड, कार्यक्रम स्थल, रूट, पार्किंग, यातायात, भीड़ प्रबंधन और वीवीआईपी सुरक्षा समेत समग्र व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा बैठक ली। एसपी धमतरी ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में होटल, ढाबा, लॉज, किराये के कमरे, बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन क्षेत्रों में सघन चेकिंग करने, असामाजिक तत्वों और संदिग्ध व्यक्तियों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए।

साथ ही निगरानी सूची के बदमाशों की सत्यापन कार्यवाही, देर रात संचालित होटलों/लॉज की जांच, फील्ड पेट्रोलिंग में सक्रिय उपस्थिति सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए। तैनात पुलिस स्टाफ को समय पर अपने प्वाइंट पर मौजूद रहने, वायरलेस संचार को निर्बाध संचालित करने और आपात सूचना पर त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया गया।

धमतरी पुलिस ने कार्यक्रम को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सफलतापूर्वक सम्पन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियाँ पूरी कर ली हैं। जिले में सुरक्षा एवं निगरानी को और अधिक सुदृढ़ करते हुए सतर्कता बढ़ा दी गई है। सुचारू यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए विस्तृत रूट चार्ट और निर्धारित पार्किंग स्थलों की जानकारी प्रदान की गई है, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो।

उक्त समीक्षा बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  मणिशंकर चंद्रा,  शैलेंद्र कुमार पाण्डेय, सीएसपी  अभिषेक चतुर्वेदी, एसडीओपी कुरूद  रागिनी मिश्रा, डीएसपी  मोनिका मरावी, एसडीपीओ नगरी विपिन रंगारी सहित सभी राजपत्रित अधिकारी, थाना/चौकी प्रभारी और संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।