उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने सावन कांवड़ यात्रा की तैयारियों का किया मैराथन निरीक्षण, कांवड़ियों की सुविधाओं के लिए दिए सख्त निर्देश
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बूढ़ा महादेव से खुड़िया तक सावन कांवड़ यात्रा मार्ग, विश्राम स्थलों और मंदिर परिसरों का निरीक्षण कर पेयजल, चिकित्सा, सुरक्षा, यातायात, साफ-सफाई और ठहरने की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। भोरमदेव में समीक्षा बैठक लेकर सभी विभागों को समन्वय के साथ तैयारियां समय पर पूरी करने पर जोर दिया।
UNITED NEWS OF ASIA. सावन माह में अमरकंटक से जल लेकर बूढ़ा महादेव और भोरमदेव मंदिर में जलाभिषेक करने आने वाले हजारों कांवड़ियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कबीरधाम जिले में व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। इसी क्रम में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बूढ़ा महादेव मंदिर कवर्धा से लेकर भोरमदेव, राजानवागांव, डोंगरिया और मुंगेली जिले के खुड़िया तक कांवड़ यात्रा मार्ग, विश्राम स्थलों और मंदिर परिसरों का मैराथन निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को श्रद्धालुओं के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उप मुख्यमंत्री ने पेयजल, चिकित्सा, सुरक्षा, यातायात, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, शौचालय और ठहरने की सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि सावन माह में बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस मार्ग से यात्रा करते हैं, इसलिए किसी भी प्रकार की अव्यवस्था नहीं होनी चाहिए। सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराएं।
विजय शर्मा ने बताया कि अमरकंटक में कांवड़ियों के लिए भोजन और विश्राम की विशेष व्यवस्था की गई है। इसके अलावा खुड़िया और लमनी में लगभग 20-20 लाख रुपये की लागत से प्रतीक्षालयों का निर्माण कराया गया है। उन्होंने इन स्थलों का निरीक्षण कर भवनों की साफ-सफाई, समतलीकरण, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
भोरमदेव मंदिर परिसर में निर्माणाधीन विश्राम स्थल और स्वदेश दर्शन योजना के तहत बन रहे हॉल का निरीक्षण करते हुए उन्होंने अधिकारियों को हॉल के एक हिस्से को तत्काल उपयोग योग्य बनाने के निर्देश दिए ताकि सावन माह में श्रद्धालु वहां ठहर सकें। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष जोर देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की तकनीकी कमी स्वीकार नहीं की जाएगी।
कवर्धा स्थित पंचमुखी बूढ़ा महादेव मंदिर परिसर में निर्मित डोम का निरीक्षण करते हुए उन्होंने अतिरिक्त प्रवेश द्वार, पर्याप्त पेयजल, शौचालय और अन्य सुविधाएं विकसित करने के निर्देश दिए। वहीं राजानवागांव और डोंगरिया में भी विश्राम स्थलों, मंदिर परिसर और उद्यानों के विकास के साथ सड़क, प्रकाश व्यवस्था और स्वच्छता को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
भोरमदेव परिसर में आयोजित समीक्षा बैठक में विजय शर्मा ने अधिकारियों को आगामी सावन सोमवारों में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए बैरिकेडिंग, चिकित्सा सुविधा, एंबुलेंस सेवा, यातायात नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कांवड़ यात्रा मार्ग की मरम्मत, झाड़ियों की सफाई और स्थानीय समितियों के साथ समन्वय स्थापित कर सभी तैयारियां समय पर पूर्ण करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध और प्रभावी ढंग से सुनिश्चित की जाएं।