अभियान के दौरान महाराजबंध तालाब परिसर में जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने मिलकर कचरा एवं गंदगी की सफाई की। लोगों को जलस्रोतों को स्वच्छ रखने, तालाबों में कचरा नहीं डालने तथा सार्वजनिक स्थानों पर साफ-सफाई बनाए रखने के लिए जागरूक किया गया। श्रमदान के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि शहर की स्वच्छता केवल नगर निगम या सफाई कर्मचारियों की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने जनसमुदाय को स्वच्छता की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि स्वच्छता को केवल किसी अभियान या विशेष दिवस तक सीमित नहीं रखा जा सकता। इसे प्रत्येक व्यक्ति को अपने दैनिक जीवन की आदत बनाना होगा। जब नागरिक अपने घर के साथ आसपास के सार्वजनिक स्थानों को भी साफ रखने की जिम्मेदारी निभाएंगे, तभी शहरों को लंबे समय तक स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाए रखा जा सकेगा।
उन्होंने कहा कि सरकार और नगरीय निकायों द्वारा स्वच्छता के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन इन प्रयासों को स्थायी परिणाम में बदलने के लिए जनभागीदारी आवश्यक है। तालाब, सड़क, बाजार और अन्य सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने में नागरिकों की जागरूकता महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, विधायक सुनील सोनी, मोतीलाल साहू, पुरंदर मिश्रा, महापौर मीनल चौबे, महंत रामसुंदर दास, कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह, नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ कुमार बिश्वरंजन और सूडा के सीईओ सुमित अग्रवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं नागरिक मौजूद रहे।
अभियान के दौरान शहर की सफाई व्यवस्था में योगदान देने वाले पांच सफाई मित्रों रमेश सोना, अवधेश सोनी, घना कुर्रे, अमित धीवर और राहुल राजपूत को सम्मानित किया गया। अतिथियों ने सफाई मित्रों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने में सफाई कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उनके योगदान को सम्मानित करने का उद्देश्य स्वच्छता कार्य से जुड़े लोगों का उत्साहवर्धन करना भी रहा।
विधायक सुनील सोनी ने स्वच्छता अभियानों में अधिक से अधिक नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने सेवा, सहभागिता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना के साथ शहर के स्वच्छता प्रयासों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में पौधरोपण भी किया गया। इसके माध्यम से स्वच्छता के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। उपस्थित लोगों ने रायपुर को स्वच्छ, सुंदर और हरित शहर बनाने की दिशा में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।
महाराजबंध तालाब में आयोजित श्रमदान अभियान में जनप्रतिनिधियों, प्रशासन, नगर निगम, ग्रीन आर्मी, स्वयंसेवी संगठनों और आम नागरिकों की सामूहिक भागीदारी ने स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता और सामुदायिक जिम्मेदारी का संदेश दिया। “सेवा मेरा योगदान” की भावना के साथ आयोजित इस पहल का उद्देश्य स्वच्छता को निरंतर व्यवहार और नागरिक जिम्मेदारी से जोड़ना रहा।