महासमुंद में भाजपा का दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर संपन्न, संगठन मजबूती और वैचारिक स्पष्टता पर जोर
महासमुंद जिले के घुंचापाली में भाजपा द्वारा दो दिवसीय जिला प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान-2026 के तहत आयोजित इस शिविर में बसना विधायक डॉ. संपत अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। शिविर में संगठन मजबूती, वैचारिक स्पष्टता और कार्यकुशलता पर विशेष जोर दिया गया।
UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l भारतीय जनता पार्टी द्वारा देशभर में चलाए जा रहे “पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान-2026” के तहत महासमुंद जिले के घुंचापाली स्थित चंडी माता मंदिर परिसर में दो दिवसीय जिला प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। 14 और 15 मई को आयोजित इस शिविर में भाजपा संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से सशक्त बनाने और सांगठनिक कार्यकुशलता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।
शिविर के उद्घाटन सत्र में भाजपा के मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ़ क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में बसना विधायक डॉ. संपत अग्रवाल के नेतृत्व में बसना विधानसभा क्षेत्र से बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इस दौरान अजय जामवाल को महासमुंद जिले का प्रभारी नेता भी नियुक्त किया गया।
प्रशिक्षण शिविर को संबोधित करते हुए बसना विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण के उद्देश्य से कार्य करने वाला एक वैचारिक संगठन है। उन्होंने कहा कि इस प्रशिक्षण शिविर का उद्देश्य कार्यकर्ताओं में वैचारिक स्पष्टता लाना, संगठनात्मक एकता को मजबूत करना और शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की क्षमता विकसित करना है।
डॉ. अग्रवाल ने कहा कि आज राजनीति केवल सत्ता प्राप्ति का माध्यम नहीं रह गई है, बल्कि यह राष्ट्र पुनर्निर्माण का यज्ञ बन चुकी है। उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के “अंत्योदय” के सिद्धांत का उल्लेख करते हुए कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और योजनाओं का लाभ पहुंचाना भाजपा की प्राथमिकता है। इसके लिए कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षित और जागरूक होना बेहद जरूरी है।
मीडिया से चर्चा के दौरान विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण शिविर कार्यकर्ताओं के लिए ऊर्जा और प्रेरणा के केंद्र होते हैं। उन्होंने कहा कि जब कार्यकर्ता वैचारिक रूप से मजबूत और संगठनात्मक रूप से दक्ष होंगे, तभी वे विपक्ष के भ्रामक प्रचार का प्रभावी जवाब दे पाएंगे और सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचा सकेंगे।
शिविर में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं महासमुंद लोकसभा सांसद रूपकुमारी चौधरी, महासमुंद विधायक राजू सिन्हा, जिला अध्यक्ष एतराम साहू, पूर्व सांसद चुन्नीलाल साहू, आर्थिक प्रकोष्ठ जिला संयोजक सुमित अग्रवाल, भाजपा नेता कैलाश अग्रवाल, भाजयुमो जिला महामंत्री कामेश बंजारा सहित कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे।
दो दिवसीय इस प्रशिक्षण शिविर में कार्यकर्ताओं को संगठन विस्तार, सोशल मीडिया प्रबंधन, बूथ स्तर पर सक्रियता, जनसंपर्क और केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं के प्रभावी प्रचार-प्रसार जैसे विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही कार्यकर्ताओं को राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और संगठन के प्रति समर्पण का संदेश भी दिया गया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर नेताओं और कार्यकर्ताओं ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा समाज के बीच सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। स्थानीय नेतृत्व ने विश्वास जताया कि इस प्रशिक्षण के बाद कार्यकर्ता आगामी चुनावी और सामाजिक चुनौतियों का सामना अधिक आत्मविश्वास और मजबूती के साथ कर पाएंगे।