शराब की ओवर रेटिंग में पूरी सरकार संलिप्त : दीपक बैज
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने राज्य में शराब की ओवर रेटिंग, अवैध वसूली और नकली शराब के कारोबार को लेकर भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने मामले की ईडी और सीबीआई से उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की।
UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने राज्य में शराब की ओवर रेटिंग और कथित अवैध वसूली को लेकर भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दावा किया कि प्रदेशभर में शराब निर्धारित कीमत से अधिक दर पर बेची जा रही है और इस पूरे मामले को सत्ता का संरक्षण प्राप्त है। उन्होंने आरोप लगाया कि शराब दुकानों में प्रत्येक बोतल पर 10 से 60 रुपये तक अतिरिक्त वसूले जा रहे हैं।
दीपक बैज ने कहा कि जब यह मामला मीडिया और जनता के सामने आया तो सरकार ने कुछ अधिकारियों को निलंबित कर कार्रवाई का दिखावा किया, जबकि वास्तविक जिम्मेदार लोगों तक कार्रवाई नहीं पहुंची। उनका आरोप है कि अधिकारी सरकार के निर्देशों पर काम कर रहे थे और उन्हें केवल बलि का बकरा बनाया गया।
कांग्रेस अध्यक्ष ने दावा किया कि सरकारी आंकड़ों के अनुसार प्रतिदिन लगभग 28 लाख 65 हजार शराब की बोतलों की बिक्री होती है। यदि प्रत्येक बोतल पर अतिरिक्त राशि वसूली जाती है तो प्रतिदिन करोड़ों रुपये की अवैध वसूली होती है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले ढाई वर्षों में यह कथित घोटाला हजारों करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है।
दीपक बैज ने कहा कि पूरे प्रदेश में संगठित तरीके से शराब घोटाला संचालित किया जा रहा है। उन्होंने मांग की कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराई जाए, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि इसमें किन-किन लोगों की भूमिका है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि भाजपा सरकार पारदर्शिता का दावा करती है तो ईडी और सीबीआई जैसी एजेंसियों से जांच कराने में हिचकिचाहट क्यों है।
प्रेस विज्ञप्ति में कांग्रेस ने राज्य में नकली, मिलावटी और अवैध शराब के मामलों का भी उल्लेख किया। आरोप लगाया गया कि रायगढ़ में नकली शराब की बॉटलिंग, रायपुर में नकली होलोग्राम वाली शराब, बलरामपुर में बीयर की बोतलों में गंदा पानी मिलने और जगदलपुर सहित अन्य जिलों में अवैध शराब की बरामदगी जैसे मामलों से स्पष्ट होता है कि शराब कारोबार में गंभीर अनियमितताएं हो रही हैं।
दीपक बैज ने आरोप लगाया कि सरकारी शराब दुकानों में दोहरी व्यवस्था के माध्यम से अवैध वसूली की जा रही है। उन्होंने कहा कि जनता यह जानना चाहती है कि नकली और मिलावटी शराब के कारोबार से होने वाली कथित काली कमाई का लाभ किसे मिल रहा है और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं।
कांग्रेस ने यह भी आरोप लगाया कि विपक्ष में रहते हुए शराबबंदी की बात करने वाली भाजपा सरकार सत्ता में आने के बाद शराब कारोबार से जुड़ी अनियमितताओं को रोकने में विफल रही है। पार्टी ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।