जिला अस्पताल कवर्धा में निःशुल्क कैंसर जांच शिविर, 32 लोगों की हुई स्क्रीनिंग

जिला अस्पताल कवर्धा में आयोजित निःशुल्क कैंसर जांच एवं परामर्श शिविर में 32 लोगों की जांच की गई। बालको मेडिकल सेंटर की विशेषज्ञ टीम ने स्तन कैंसर, मुख कैंसर और सर्वाइकल कैंसर की जांच की। शिविर में सात संभावित मरीजों की पहचान कर उन्हें विशेषज्ञ परामर्श दिया गया।

Jun 21, 2026 - 10:36
 0  3
जिला अस्पताल कवर्धा में निःशुल्क कैंसर जांच शिविर, 32 लोगों की हुई स्क्रीनिंग

UNITED NEWS OF ASIA. सौरभ नामदेव, कवर्धा l कवर्धा जिला अस्पताल में आयोजित निःशुल्क कैंसर जांच एवं परामर्श शिविर में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए 32 लोगों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराया। शिविर का उद्देश्य कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाना, शुरुआती चरण में बीमारी की पहचान करना तथा लोगों को समय पर उपचार के लिए प्रेरित करना था।

शिविर में नया रायपुर स्थित बालको मेडिकल सेंटर की विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ. दामिनी और उनकी टीम ने सेवाएं प्रदान कीं। सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक चले इस शिविर में स्तन कैंसर, मुख कैंसर और बच्चेदानी के मुख के कैंसर की जांच की गई। महिलाओं के लिए मेमोग्राफी के माध्यम से स्तन कैंसर की जांच की सुविधा उपलब्ध कराई गई, जबकि मुख कैंसर की जांच ब्रश साइटोलॉजी तकनीक से की गई। इसके अलावा सर्वाइकल कैंसर की पहचान के लिए पेप स्मीयर परीक्षण भी किया गया।

जांच के दौरान सात ऐसे लोगों की पहचान की गई जिनमें कैंसर संबंधी संभावित लक्षण पाए गए। इन सभी को विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा विस्तृत परामर्श और आगे की जांच एवं उपचार संबंधी आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया। शिविर में 12 पुरुष और 20 महिलाओं ने जांच कराई। इनमें कवर्धा विकासखंड से 25, बोड़ला से 3, सहसपुर लोहारा से 2 तथा अन्य जिलों से 2 लोग शामिल रहे।

विशेषज्ञ चिकित्सकों ने बताया कि कैंसर एक गंभीर बीमारी है, लेकिन समय पर जांच और सही जीवनशैली अपनाकर इसके खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है। उन्होंने लोगों को तंबाकू और धूम्रपान से दूर रहने, संतुलित एवं पौष्टिक आहार लेने, नियमित व्यायाम करने तथा शराब के सेवन से बचने की सलाह दी। साथ ही आवश्यक टीकाकरण और नियमित स्वास्थ्य जांच को भी कैंसर से बचाव का महत्वपूर्ण उपाय बताया।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने कैंसर के शुरुआती लक्षणों के प्रति भी लोगों को जागरूक किया। उन्होंने कहा कि स्तन में गांठ, मुंह में लंबे समय तक रहने वाला घाव, लगातार खांसी, अत्यधिक थकान, अचानक वजन कम होना, खून की कमी, गले में गांठ, निगलने में परेशानी तथा असामान्य रक्तस्राव जैसे संकेतों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सकीय परामर्श लेना जरूरी है।

स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नियमित स्वास्थ्य जांच कराने की अपील की है। विभाग का मानना है कि समय पर जांच और जागरूकता ही कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के प्रभाव को कम करने का सबसे प्रभावी तरीका है। इसी उद्देश्य से जिले में समय-समय पर ऐसे स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक जांच और परामर्श की सुविधाएं पहुंच सकें।