दिव्यांग जीवराखन पटेल को एक दिन में मिली स्कूटी, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा की त्वरित पहल
कबीरधाम जिले के लाड़नपुर निवासी दिव्यांग जीवराखन पटेल को उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा की त्वरित पहल से मात्र एक दिन में स्कूटी उपलब्ध कराई गई। इससे उनके आवागमन के साथ-साथ फोटो फ्रेमिंग व्यवसाय को भी नई गति मिलेगी। स्कूटी मिलने पर जीवराखन ने आभार व्यक्त करते हुए इसे आत्मनिर्भरता की दिशा में बड़ा सहयोग बताया।
UNITED NEWS OF ASIA. सौरभ नामदेव, कवर्धा l कबीरधाम जिले के लाड़नपुर निवासी दिव्यांग जीवराखन पटेल को उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा की संवेदनशील पहल से मात्र एक दिन में स्कूटी उपलब्ध कराई गई। यह पहल जनसमस्याओं के त्वरित समाधान और दिव्यांगजनों के प्रति संवेदनशील प्रशासनिक दृष्टिकोण का उदाहरण बनकर सामने आई है।
जानकारी के अनुसार, नेऊरगांव खुर्द में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान जीवराखन पटेल ने विजय शर्मा से मुलाकात कर अपनी समस्या बताई थी। उन्होंने कहा था कि दिव्यांग होने के कारण उन्हें आवागमन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। साथ ही वे घर पर फोटो फ्रेमिंग का छोटा व्यवसाय संचालित करते हैं, जिसके लिए विभिन्न स्थानों पर आने-जाने की आवश्यकता होती है। इसी कारण उन्होंने सहायक उपकरणयुक्त स्कूटी उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।
समस्या को गंभीरता से लेते हुए विजय शर्मा ने तत्काल अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उनकी पहल का परिणाम यह रहा कि अगले ही दिन कवर्धा स्थित विधायक कार्यालय में जीवराखन पटेल को स्कूटी प्रदान कर दी गई। स्कूटी मिलने से जीवराखन के चेहरे पर खुशी साफ दिखाई दी।
जीवराखन पटेल ने इसके लिए विजय शर्मा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अब उनके दैनिक जीवन में काफी सुविधा होगी। उन्होंने बताया कि स्कूटी मिलने से न केवल उनके व्यक्तिगत आवागमन की समस्या दूर होगी, बल्कि उनके फोटो फ्रेमिंग व्यवसाय को भी बढ़ावा मिलेगा। इससे वे अधिक आत्मनिर्भर बन सकेंगे और अपने काम का विस्तार कर पाएंगे।
स्कूटी वितरण के दौरान विजय शर्मा ने जीवराखन पटेल को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने और उनकी जरूरतों को प्राथमिकता के साथ पूरा करना सरकार की प्रतिबद्धता है। उन्होंने स्कूटी का उपयोग करते समय यातायात नियमों का पालन करने, सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने तथा हेलमेट का नियमित उपयोग करने की सलाह भी दी।
कार्यक्रम में तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि विजय शर्मा क्षेत्र के लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रहे हैं। जनदर्शन और जनसंपर्क कार्यक्रमों के माध्यम से आम नागरिकों को त्वरित सहायता और राहत मिल रही है।
इस अवसर पर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विदेशी राम धुर्वे सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। स्कूटी वितरण की यह पहल दिव्यांगजन सशक्तिकरण और जनसेवा के क्षेत्र में एक सकारात्मक उदाहरण के रूप में देखी जा रही है।