आकाशीय बिजली की चपेट में आने से छठवीं कक्षा के छात्र की मौत, गांव में शोक
मानपुर क्षेत्र के ग्राम दोरबा में आकाशीय बिजली गिरने से 12 वर्षीय छात्र की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल छात्र को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
UNITED NEWS OF ASIA. जावेद खान मानपुर l क्षेत्र के ग्राम दोरबा में शुक्रवार शाम आकाशीय बिजली गिरने की एक दर्दनाक घटना में 12 वर्षीय छात्र की मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतक छात्र स्थानीय मिडिल स्कूल में कक्षा छठवीं में अध्ययनरत था और उसके पिता माइंस में श्रमिक के रूप में कार्यरत हैं।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार शाम करीब 5 बजे मौसम ने अचानक करवट ली। क्षेत्र में तेज हवा, आंधी-तूफान और गरज-चमक के साथ बारिश का माहौल बन गया। इसी दौरान दोरबा निवासी चंद्रदेव अपने घर की बाड़ी के पास मौजूद था। बताया जा रहा है कि घर परिसर में स्थित एक आम के पेड़ पर अचानक आकाशीय बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में आकर वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना होते ही परिजनों और ग्रामीणों ने तत्काल उसे उपचार के लिए निजी वाहन से शहीद अस्पताल, दल्ली राजहरा ले जाने का प्रयास किया। हालांकि अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसकी मौत हो गई। इस दुखद घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
शनिवार को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। अंतिम संस्कार के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे और छात्र को नम आंखों से अंतिम विदाई दी गई।
खड़गांव थाना प्रभारी गणेश यादव ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार छात्र की मौत आकाशीय बिजली गिरने से हुई है। घायल अवस्था में उसे उपचार के लिए दल्ली राजहरा ले जाया गया था। इस कारण मामले में जीरो पर मर्ग कायम किया गया है। संबंधित दस्तावेज और डायरी प्राप्त होने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों के अनुसार चंद्रदेव तीन भाई-बहनों में सबसे छोटा था। वह पढ़ाई में रुचि रखने वाला, मिलनसार और होनहार छात्र माना जाता था। उसकी असामयिक मृत्यु से परिवार, मित्रों और पूरे गांव को गहरा आघात पहुंचा है।
स्कूल के शिक्षकों, सहपाठियों और ग्रामीणों ने छात्र के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की है। घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल बना हुआ है।