बोरसी में तोड़फोड़ कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस सक्रिय, प्रभावित परिवारों से मिले धीरज बाकलीवाल
दुर्ग के वार्ड क्रमांक 50 स्थित बोरसी क्षेत्र में हुई तोड़फोड़ कार्रवाई के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी मैदान में उतर आई। कांग्रेस नेताओं ने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और कलेक्टर से निष्पक्ष जांच व मानवीय दृष्टिकोण अपनाने की मांग की।
UNITED NEWS OF ASIA. भुवाल रोहिताश दुर्ग l
गर निगम क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 50 स्थित बोरसी में की गई कथित तोड़फोड़ कार्रवाई के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग शहर ने मोर्चा खोल दिया है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ प्रभावित क्षेत्र पहुंचे तथा प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र का निरीक्षण कर स्थिति की जानकारी ली।
स्थानीय रहवासियों ने कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल को बताया कि कुछ दिन पहले तड़के सुबह प्रशासनिक अमला क्षेत्र में पहुंचा और बिना पर्याप्त पूर्व सूचना दिए मकानों को हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी गई। लोगों का आरोप है कि इस कार्रवाई से क्षेत्र में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है। कई परिवारों ने दावा किया कि उन्हें अपनी बात रखने या वैधानिक प्रक्रिया के तहत सुनवाई का पर्याप्त अवसर नहीं दिया गया।
प्रभावित परिवारों से चर्चा के बाद धीरज बाकलीवाल ने कहा कि किसी भी नागरिक को बिना उचित सूचना और कानूनी प्रक्रिया पूरी किए उसके आशियाने से बेदखल करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रशासन को संवेदनशीलता और मानवीय दृष्टिकोण के साथ कार्य करना चाहिए। गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के अधिकारों की रक्षा करना लोकतांत्रिक व्यवस्था की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा आम जनता के हितों और अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष करती रही है और बोरसी क्षेत्र के प्रभावित परिवारों के साथ भी मजबूती से खड़ी रहेगी। यदि किसी के साथ अन्याय हुआ है तो कांग्रेस न्याय दिलाने के लिए हर संभव प्रयास करेगी।
इसके बाद धीरज बाकलीवाल के नेतृत्व में कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल दुर्ग कलेक्टर से मिला और पूरे मामले से अवगत कराया। प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि प्रभावित लोगों को सुने बिना किसी प्रकार की एकपक्षीय कार्रवाई न की जाए। साथ ही मामले की निष्पक्ष जांच कर प्रभावित परिवारों को न्याय दिलाने की दिशा में उचित कदम उठाए जाएं।
कांग्रेस प्रतिनिधियों ने प्रशासन से आग्रह किया कि भविष्य में ऐसी किसी भी कार्रवाई से पहले प्रभावित लोगों को पर्याप्त समय और कानूनी अवसर प्रदान किया जाए। उन्होंने कहा कि विकास और प्रशासनिक कार्रवाई के साथ मानवीय संवेदनाओं का ध्यान रखना भी आवश्यक है।
मुलाकात के दौरान कलेक्टर ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि मामले की वस्तुस्थिति की जांच कर आवश्यक और न्यायोचित कार्रवाई की जाएगी। इस आश्वासन के बाद कांग्रेस नेताओं ने उम्मीद जताई कि प्रभावित परिवारों की समस्याओं का समाधान संवेदनशीलता के साथ किया जाएगा।
इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष संजय कोहले सहित कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।