पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना शनिवार की रात लगभग 8 बजे बाजार चौक के पास हुई। गांव में शादी के चौथिया कार्यक्रम के तहत परघनी के दौरान नाच-गान चल रहा था। इसी दौरान वधु पक्ष से प्रार्थी के पुत्र चंदन निषाद एवं अन्य लोगों का बाजा बजाने वाले व्यक्तियों से धक्का लगने की बात को लेकर विवाद हो गया।
बताया गया कि प्रारंभिक कहासुनी के बाद मामला शांत होने के बजाय और बढ़ गया। विवाद के पश्चात आरोपियों द्वारा गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी गई और एकराय होकर चंदन निषाद एवं तरुण ध्रुव पर चाकू से हमला किया गया। हमले में चंदन निषाद को गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।
घटना के दौरान बीच-बचाव करने आए अन्य व्यक्तियों पर भी हमला किया गया, जिसमें कुल चार लोग घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही मगरलोड थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र को घेराबंदी कर जांच प्रारंभ की। पुलिस ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए और तत्काल आरोपियों की तलाश शुरू की। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 7 आरोपियों को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया।
मामले को लेकर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र पाण्डे ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि विवाद मामूली बात को लेकर शुरू हुआ था, जो बाद में हिंसक रूप ले बैठा। उन्होंने कहा कि सभी आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में अपराध पंजीबद्ध कर लिया गया है तथा आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।
पुलिस अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया है कि घटना में शामिल दो आरोपी विधि से संघर्षरत बालक पाए गए हैं, जिनके मामलों को किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के तहत पृथक रूप से निराकृत किया जाएगा।
इस घटना के बाद गांव में दहशत और शोक का माहौल है। पुलिस द्वारा एहतियातन गांव में अतिरिक्त बल तैनात किया गया है, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति निर्मित न हो। प्रशासन ने आम लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की बारीकी से पड़ताल की जा रही है।