यह कार्रवाई थाना न्यू राजेन्द्र नगर क्षेत्रांतर्गत अमलीडीह स्थित मेडिसिन अस्पताल के पास गली में की गई, जहां आरोपी गांजा रखकर बिक्री की फिराक में खड़े थे। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर संयुक्त पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और तीन संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़ा।
पकड़े गए आरोपियों ने पूछताछ में अपना नाम तुषार नितिन पवार, किरन सीताराम काये एवं दीपक तोमर बताया। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास मौजूद अलग-अलग बैगों में गांजा रखा होना पाया गया। मौके पर ही विधिवत कार्यवाही करते हुए कुल 14.613 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 7 लाख 30 हजार 650 रुपये बताई गई है। इसके अतिरिक्त दो मोबाइल फोन एवं 1,000 रुपये नगद भी जब्त किए गए। इस प्रकार जब्त मशरूका की कुल कीमत लगभग 7 लाख 51 हजार 650 रुपये आंकी गई है।
पुलिस द्वारा आरोपियों के विरुद्ध थाना न्यू राजेन्द्र नगर में अपराध क्रमांक 84/26 के तहत धारा 20(बी) नारकोटिक एक्ट में मामला पंजीबद्ध कर उन्हें गिरफ्तार किया गया है।
गिरफ्तार आरोपी अंतर्राज्यीय नेटवर्क से जुड़े हुए पाए गए हैं। आरोपी तुषार नितिन पवार एवं किरन सीताराम काये निवासी दहीवड़ी (देवाड़ी), थाना सिकरापुर, जिला पुणे, महाराष्ट्र के हैं, जबकि तीसरा आरोपी दीपक तोमर निवासी किरनाईच तेजसिंह की गढ़ी, थाना पुरषा, जिला मुरैना, मध्यप्रदेश का निवासी है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपियों से पूछताछ कर फॉरवर्ड एवं बैकवर्ड लिंकेज के आधार पर पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है। इस मामले में सोर्स प्वाइंट, परिवहन माध्यम तथा डेस्टिनेशन प्वाइंट तक पहुंचने के उद्देश्य से एंड-टू-एंड जांच की जा रही है, ताकि इस तस्करी गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों पर भी प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
गौरतलब है कि रायपुर पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थों, प्रतिबंधित नशीली गोलियों, सिरप एवं सूखे नशे की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए विशेष रूप से एण्टी नारकोटिक्स टास्क फोर्स का गठन किया गया है। इस विशेष टीम को वित्तीय जांच, सोर्स प्वाइंट की पहचान और तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक एण्टी क्राइम एवं साइबर यूनिट की टीम द्वारा गांजा के 15 प्रकरणों में 33 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है तथा उनके कब्जे से कुल 156.381 किलोग्राम गांजा, 2,05,700 रुपये नगद, दो चारपहिया वाहन और आठ मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। रायपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।