भानबेड़ा एनएसएस शिविर में पत्रकारिता पर ज्ञानवर्धक सत्र, युवाओं को मिली नई दिशा
भानबेड़ा के एनएसएस शिविर में पत्रकारिता विभागाध्यक्ष श्रीदाम ढाली ने पत्रकारिता पाठ्यक्रम, मीडिया के बदलते स्वरूप और पत्रकार की भूमिका पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए करियर, मोबाइल रिपोर्टिंग और मीडिया क्षेत्र से जुड़े प्रश्न पूछे।
UNITED NEWS OF ASIA. श्रीदाम ढाली, कांकेर | भानुप्रतापपुर के ग्राम भोडिया में आयोजित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भानबेड़ा की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के सात दिवसीय विशेष शिविर में बुधवार को बौद्धिक चर्चा का एक महत्वपूर्ण सत्र आयोजित किया गया, जिसमें शासकीय महर्षि वाल्मीकि स्नातकोत्तर महाविद्यालय भानुप्रतापपुर के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभागाध्यक्ष श्रीदाम ढाली मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे।
स्वयंसेवकों, शिक्षकगण और ग्रामीणों की उपस्थिति में उन्होंने पत्रकारिता को समाज का दर्पण और लोकतंत्र की सशक्त आवाज़ बताते हुए कहा कि सूचना ही शक्ति है और पत्रकार उसका संरक्षक होता है। उन्होंने विद्यार्थियों को बीए पत्रकारिता एवं जनसंचार पाठ्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि यह डिग्री प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल मीडिया, संपादन, फोटो पत्रकारिता, जनसंपर्क, विज्ञापन और मीडिया नैतिकता सहित अनेक कौशल विकसित करता है। उन्होंने कहा कि आधुनिक पत्रकारिता अब अखबारों से आगे बढ़कर सोशल मीडिया, यूट्यूब, वेबसाइट और डिजिटल प्लेटफॉर्म तक पहुंच चुकी है, जहाँ योग्य और जिम्मेदार युवाओं के लिए व्यापक करियर अवसर हैं।
उन्होंने जिज्ञासा, सत्यनिष्ठा, संवेदनशीलता, भाषा पर पकड़ और साहस जैसे गुणों को पत्रकार का मूल आधार बताते हुए कहा कि पत्रकारिता केवल खबर देने तक सीमित नहीं, बल्कि समाज की समस्याओं की पहचान कर समाधान की दिशा में संवाद स्थापित करने का माध्यम है। एनएसएस और पत्रकारिता के संबंध पर उन्होंने कहा कि दोनों का मूल आधार समाज सेवा है, इसलिए स्वयंसेवकों में वह संवेदनशीलता पहले से ही मौजूद है जो एक अच्छे पत्रकार की पहचान होती है।
विद्यार्थियों द्वारा करियर, मोबाइल रिपोर्टिंग और ग्रामीण क्षेत्रों में पत्रकारिता को लेकर पूछे गए प्रश्नों का उन्होंने विस्तार से उत्तर दिया। लगभग एक घंटे चले इस सत्र में स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी रवि प्रकाश लोहसिंह ने मुख्य वक्ता का आभार व्यक्त किया और कहा कि यह मार्गदर्शन विद्यार्थियों के लिए बेहद उपयोगी और प्रेरणादायी साबित होगा। इस अवसर पर सहायक कार्यक्रम अधिकारी हुबलाल सिन्हा, ललित लाटिया, उर्मिला ठाकुर, एस कृष्णन, डिम्पल मानिक, महादलनायक अभिषेक यादव, महादलनायिका शालिनी बघेल सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवक मौजूद रहे।