कबाड़ी संचालक का तांडव: लोहे की रॉड से 5 मजदूरों पर जानलेवा हमला
गंडई-पंडरिया क्षेत्र में कबाड़ी संचालक शबाब मेमन ने नाराज़गी में लोहे की रॉड से पाँच मजदूरों पर जानलेवा हमला कर दिया। घटना सीसीटीवी में कैद हुई। दो मजदूर गंभीर रूप से घायल हैं। पुलिस ने आरोपी को बोलेरो वाहन सहित गिरफ्तार कर उसके पास से बड़ी मात्रा में नशीली गोलियाँ भी बरामद कीं।
UNITED NEWS OF ASIA. मनोहर सेन, खैरागढ़ | जिला केसीजी के गंडई–पंडरिया क्षेत्र में कबाड़ी संचालक शबाब मेमन द्वारा पाँच मजदूरों पर लोहे की रॉड से किए गए प्राणघातक हमले की सनसनीखेज घटना सामने आई है। मजदूरों के अनुसार वे सल्लू कबाड़ी में काम बंद होने पर दूसरे कबाड़ी के पास काम करने लगे थे,
जिससे नाराज़ होकर शबाब मेमन और उसका साथी आसिफ खान बोलेरो वाहन से उतरते ही बेरहमी से मजदूरों पर टूट पड़े। हमले की पूरी वारदात पास की दुकान के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। आरोपियों ने कुमार मार्कंडेय को जमीन पर पटककर लाठी-रॉड से मारा, वहीं बाद में टिकरीपारा पहुँचकर खेलन मार्कंडेय और मनोज यादव पर भी हमला कर फरार हो गए।
कुल पाँच वर्करों को गंभीर चोटें आई हैं, जिनमें से दो को हालत नाजुक होने पर खैरागढ़ के निजी अस्पताल रेफर किया गया। घटना की शिकायत मजदूरों ने गंडई थाने में दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने बोलेरो वाहन क्रमांक CG 09 JA 6264 सहित शबाब मेमन को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में उसके पास से लगभग 320 नग नशीली गोलियाँ मिलीं, जिनके दस्तावेज वह प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध NDPS एक्ट 21(बी) एवं मारपीट की धाराओं में अपराध पंजीबद्ध कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। उसके साथी आसिफ खान के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है।