महामहिम राज्यपाल गोद ग्राम टेमरी में निःशुल्क कैंसर जांच शिविर, 101 लोगों की हुई स्क्रीनिंग
बेमेतरा जिले के टेमरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में राष्ट्रीय गैर संचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रम के तहत निःशुल्क कैंसर जांच शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 101 लोगों की जांच की गई और कैंसर की शुरुआती पहचान के लिए विशेषज्ञों ने स्वास्थ्य परीक्षण किया।
UNITED NEWS OF ASIA. अरुण पुरेना, बेमेतरा l कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगई के निर्देश और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अमृत लाल रोहलेडर के मार्गदर्शन में विकासखंड नवागढ़ के महामहिम राज्यपाल गोद ग्राम टेमरी स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में निःशुल्क कैंसर जांच शिविर का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय गैर संचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रम (एनसीडी) के अंतर्गत जिला एवं ब्लॉक स्वास्थ्य विभाग तथा बालको मेडिकल सेंटर, रायपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस शिविर का उद्देश्य कैंसर की प्रारंभिक अवस्था में पहचान कर समय पर उपचार सुनिश्चित करना और लोगों में जागरूकता बढ़ाना था।
शिविर का शुभारंभ सुबह 11 बजे हुआ, जिसमें बालको मेडिकल सेंटर के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने जिला एवं ब्लॉक स्वास्थ्य विभाग की टीम के सहयोग से मुख कैंसर, स्तन कैंसर और गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर की निःशुल्क जांच की। ग्रामीणों को कैंसर के शुरुआती लक्षणों, बचाव के उपायों और समय पर जांच कराने के महत्व के बारे में भी जानकारी दी गई।
महिलाओं के लिए विशेष रूप से स्तन कैंसर की जांच हेतु मेमोग्राफी मशीन और थर्मल स्कैनर की व्यवस्था की गई। इसके अलावा गर्भाशय ग्रीवा कैंसर की जांच की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। शिविर में मुख एवं मुखगुहा कैंसर के साथ-साथ बीपी, शुगर और बीएमआई की भी निःशुल्क जांच की गई, ताकि लोगों के समग्र स्वास्थ्य का आकलन किया जा सके।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अमृत लाल रोहलेडर ने कहा कि कैंसर की प्रारंभिक अवस्था में पहचान होने पर उसका सफल उपचार संभव है। ऐसे शिविर न केवल संभावित मरीजों की पहचान करने में सहायक होते हैं, बल्कि लोगों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता भी बढ़ाते हैं। उन्होंने नियमित स्वास्थ्य जांच कराने और किसी भी संदिग्ध लक्षण को नजरअंदाज नहीं करने की अपील की।
खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. एम.एम. रजा ने बताया कि यदि किसी व्यक्ति को स्तन में गांठ, मुंह में लंबे समय तक रहने वाला घाव, निगलने में परेशानी, आवाज में बदलाव, लगातार खांसी या बिना किसी कारण के तेजी से वजन कम होने जैसे लक्षण दिखाई दें तो तुरंत चिकित्सकीय जांच करानी चाहिए।
शिविर में कुल 101 संभावित मरीजों की जांच की गई, जिनमें 67 महिलाएं और 34 पुरुष शामिल रहे। विशेषज्ञों ने 11 मेमोग्राफी जांच और 50 सर्वाइकल जांच भी की। आवश्यकता अनुसार संदिग्ध मामलों को आगे के उपचार और विस्तृत जांच के लिए परामर्श दिया गया।
शिविर के साथ ग्रामीण चिकित्सा सहायकों, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएचओ), ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजकों (आरएचओ), मितानिनों, सुपरवाइजरों और प्रशिक्षकों के लिए कैंसर की रोकथाम, शुरुआती पहचान और जागरूकता पर कार्यशाला भी आयोजित की गई। कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, विशेषज्ञ चिकित्सक, पीएचसी टेमरी का स्टाफ, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। स्वास्थ्य विभाग ने भविष्य में भी ऐसे जागरूकता एवं जांच शिविर आयोजित कर लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता दोहराई।