सामाजिक सुरक्षा पेंशन सत्यापन अभियान: घर-घर पहुंच रही टीम, दूरस्थ वनांचल तक पहुंचीं सेवाएं
सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के पात्र हितग्राहियों का भौतिक सत्यापन करने के लिए समाज कल्याण विभाग की टीमें घर-घर पहुंच रही हैं। अभियान के तहत दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों में भी सत्यापन कर पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ सुनिश्चित किया जा रहा है।
UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही तक समय पर और पारदर्शी तरीके से पहुंचे, इसके लिए प्रदेश में व्यापक डोर-टू-डोर सत्यापन अभियान संचालित किया जा रहा है। समाज कल्याण विभाग की टीमें दूरस्थ वनांचल और दुर्गम ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचकर वृद्धावस्था, निराश्रित विधवा, दिव्यांग तथा अन्य सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के हितग्राहियों का भौतिक सत्यापन कर रही हैं।
इस अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र व्यक्ति योजना के लाभ से वंचित न रहे तथा अपात्र मामलों की पहचान कर योजनाओं को अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनाया जा सके। विभागीय अधिकारी और कर्मचारी घर-घर जाकर हितग्राहियों की पात्रता, पेंशन प्राप्ति की स्थिति और आवश्यक दस्तावेजों का मिलान कर रहे हैं।
इसी क्रम में बलरामपुर जिले की ग्राम पंचायत गोपातू और जमीरापाट में समाज कल्याण विभाग की टीम ने घर-घर पहुंचकर सत्यापन अभियान चलाया। अधिकारियों ने प्रत्येक हितग्राही से सीधे संपर्क कर उनकी जानकारी का भौतिक परीक्षण किया और दस्तावेजों का सत्यापन किया। दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद विभागीय टीम ने सभी पात्र हितग्राहियों तक पहुंचकर अभियान को सफल बनाने का प्रयास किया।
ग्राम जमीरापाट की सुंदरी नगेशिया ने बताया कि उनका गांव दूरस्थ क्षेत्र में स्थित है और उन्हें आशंका थी कि सत्यापन के लिए कार्यालय जाना पड़ेगा। लेकिन प्रशासनिक टीम स्वयं उनके घर पहुंची, जिससे उन्हें काफी सुविधा मिली। उन्होंने कहा कि इस पहल से उन्हें भरोसा हुआ है कि उनकी पेंशन बिना किसी बाधा के नियमित रूप से मिलती रहेगी।
इसी तरह ग्राम गोपातू की मुली नगेशिया ने भी बताया कि घर पर ही सत्यापन होने से उन्हें अनावश्यक यात्रा और खर्च से राहत मिली। उन्होंने प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों के लिए यह अभियान बेहद उपयोगी साबित हो रहा है।
अभियान के दौरान अधिकारियों द्वारा वृद्धावस्था पेंशन, निराश्रित विधवा पेंशन, दिव्यांग पेंशन सहित अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के लाभार्थियों के दस्तावेजों की जांच की जा रही है। साथ ही जिन मामलों में कोई जानकारी अधूरी है या पात्र व्यक्ति अब तक योजना से नहीं जुड़ पाए हैं, उनकी पहचान कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
समाज कल्याण विभाग का मानना है कि घर-घर पहुंचकर किए जा रहे इस सत्यापन अभियान से योजनाओं की पारदर्शिता बढ़ेगी, पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ मिलेगा और दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों में रहने वाले जरूरतमंद लोगों तक सरकारी योजनाओं की पहुंच और अधिक मजबूत होगी। यह अभियान सामाजिक सुरक्षा योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने और अंतिम व्यक्ति तक शासन की सुविधाएं पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।