प्रवेश उत्सव में शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने मेधावी छात्राओं का किया सम्मान, स्मार्ट क्लास का लोकार्पण

दुर्ग में आयोजित प्रवेश उत्सव के दौरान शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाली छात्राओं का सम्मान किया, स्मार्ट क्लास का लोकार्पण किया और सरस्वती साइकिल योजना के तहत छात्राओं को साइकिल वितरित की। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासन और संस्कारों पर विशेष जोर दिया।

Jul 7, 2026 - 12:45
 0  4
प्रवेश उत्सव में शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने मेधावी छात्राओं का किया सम्मान, स्मार्ट क्लास का लोकार्पण

UNITED NEWS OF ASIA. रोहिताश सिंह भुवाल, दुर्ग l प्रदेश के स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने रविवार को दुर्ग के शिक्षक नगर स्थित तिलक कन्या शाला में आयोजित प्रवेश उत्सव कार्यक्रम में शामिल होकर मेधावी छात्राओं का सम्मान किया। इस अवसर पर उन्होंने विद्यालय में नवस्थापित स्मार्ट क्लास का लोकार्पण किया तथा सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत छात्राओं को साइकिल वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम के दौरान 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाली छात्राओं को सम्मानित करते हुए गजेन्द्र यादव ने कहा कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और निरंतर अध्ययन ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने छात्राओं को आगे भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया और कहा कि बेटियों की शिक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार शिक्षा के क्षेत्र में आधुनिक सुविधाओं का विस्तार कर रही है। स्मार्ट क्लास जैसी व्यवस्थाओं से विद्यार्थियों को डिजिटल और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का लाभ मिलेगा, जिससे उनकी सीखने की क्षमता और बेहतर होगी।

इसके बाद शिक्षा मंत्री पुलगांव स्थित मिडिल एवं हाई स्कूल में आयोजित प्रवेश उत्सव में भी शामिल हुए। वहां उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए नए शैक्षणिक सत्र की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विद्यार्थियों से पूरी लगन, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ पढ़ाई करने का आह्वान किया और कहा कि शिक्षा केवल परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण और राष्ट्र निर्माण की मजबूत आधारशिला है।

कार्यक्रम के दौरान गजेन्द्र यादव विद्यार्थियों के साथ सामूहिक मंत्रोच्चार में भी शामिल हुए। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ संस्कारों का समावेश विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए आवश्यक है। ज्ञान, अनुशासन और नैतिक मूल्यों के साथ आगे बढ़ने वाले विद्यार्थी ही भविष्य में समाज और देश का नाम रोशन करेंगे।

उन्होंने पालकों और शिक्षकों से भी संवाद करते हुए बच्चों की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा में सक्रिय भागीदारी निभाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय, शिक्षक और अभिभावक यदि मिलकर बच्चों का मार्गदर्शन करें तो उन्हें बेहतर भविष्य की दिशा मिल सकती है। राज्य सरकार शिक्षा के स्तर को लगातार बेहतर बनाने और विद्यार्थियों को आधुनिक संसाधन उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

कार्यक्रम में पार्षद जीतेन्द्र ताम्रकार, मंडल अध्यक्ष कमलेश फेकर, पार्षद अश्वनी निषाद, लक्ष्मीकांत दुबे, भूपेंद्र साहू, मनोहर यादव, गोकुल साहू, संयुक्त संचालक के. व्ही. राव, जिला शिक्षा अधिकारी अरविन्द मिश्रा, विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक, पालक तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। प्रवेश उत्सव के माध्यम से विद्यार्थियों में नए शैक्षणिक सत्र के प्रति उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा का संचार हुआ।