अछोटी आंगनबाड़ी में विधायक ललित चंद्राकर ने किया वृक्षारोपण, बच्चों का कराया अन्नप्राशन
दुर्ग ग्रामीण के ग्राम अछोटी स्थित आदर्श आंगनबाड़ी केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में विधायक ललित चंद्राकर ने सुपोषण वृक्षों का रोपण किया और तीन बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया। उन्होंने "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान से जुड़ने और बच्चों के पोषण पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया।
UNITED NEWS OF ASIA. रोहिताश सिंह भुवाल, दुर्ग l ग्राम अछोटी स्थित आदर्श आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक-03 में महिला एवं बाल विकास विभाग के तत्वावधान में वृक्षारोपण एवं अन्नप्राशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने पर्यावरण संरक्षण और बच्चों के बेहतर पोषण का संदेश देते हुए सुपोषण वृक्षों का रोपण किया तथा नन्हे बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार संपन्न कराया।
कार्यक्रम के दौरान ललित चंद्राकर ने सुपोषण वृक्ष के रूप में मुनगा और केला के पौधे लगाए। उन्होंने कहा कि इन पौधों का स्वास्थ्य की दृष्टि से विशेष महत्व है और इनके माध्यम से बच्चों एवं महिलाओं को बेहतर पोषण उपलब्ध कराया जा सकता है। इसके बाद उन्होंने वेदांत, टिंकल और सार्थक का अन्नप्राशन संस्कार कर उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
अपने संबोधन में ललित चंद्राकर ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य केवल वृक्षारोपण करना नहीं, बल्कि समाज में पर्यावरण संरक्षण और सुपोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी है। उन्होंने कहा कि आज के बच्चे ही विकसित भारत की नींव हैं। यदि बचपन से ही उन्हें उचित पोषण, शिक्षा और स्वस्थ वातावरण मिलेगा तो वे भविष्य में देश के मजबूत नागरिक बनेंगे।
उन्होंने प्रधानमंत्री के "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान का उल्लेख करते हुए सभी नागरिकों से इसमें सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति अपने घर, विद्यालय, कार्यालय या सार्वजनिक स्थान पर कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और उसकी नियमित देखभाल भी करे। इससे आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ पर्यावरण और बेहतर जीवन मिलेगा।
ललित चंद्राकर ने महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित पोषण और जनजागरूकता कार्यक्रमों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे अभियान समाज को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने माताओं से आग्रह किया कि वे बच्चों को संतुलित और पौष्टिक आहार दें तथा आंगनबाड़ी केंद्रों की गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता निभाएं, ताकि बच्चों का शारीरिक और मानसिक विकास बेहतर ढंग से हो सके।
कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष लिकेश्वर देशमुख, मंडल महामंत्री डिलेस गब्बर साहू, सरपंच झन्ना दिल्लीवार, जनपद सदस्य बेला यादव, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष लक्ष्मण यादव, कार्यक्रम अधिकारी आर.के. जामुलकर, परियोजना अधिकारी उषा झा, किसान मोर्चा मंडल अध्यक्ष नोमेश्वर पीपारिया, मोरजध्वज यदु, बूथ अध्यक्ष टूम्मन कोसे, पंच चंद्रकला देशमुख, लोकेश कोसे सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी, कार्यकर्ता और ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और कुपोषण मुक्त समाज का संदेश प्रभावी ढंग से लोगों तक पहुंचाया गया।