डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर प्रधानमंत्री आवास परिसर में हुआ वृहद वृक्षारोपण

दुर्ग के सरस्वती नगर स्थित प्रधानमंत्री आवास परिसर में भाजपा झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती पर छायादार एवं फलदार पौधों का रोपण किया। कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण, सेवा और राष्ट्र निर्माण का संदेश दिया गया।

Jul 7, 2026 - 12:50
 0  2
डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर प्रधानमंत्री आवास परिसर में हुआ वृहद वृक्षारोपण

UNITED NEWS OF ASIA. रोहिताश सिंह भुवाल, दुर्ग l भारतीय जनसंघ के संस्थापक और प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ द्वारा वार्ड क्रमांक 34 स्थित सरस्वती नगर के प्रधानमंत्री आवास परिसर में वृहद वृक्षारोपण अभियान आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान छायादार और फलदार पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण, हरित भारत और जनभागीदारी का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में नगर निगम दुर्ग की महापौर अलका बाघमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने पौधारोपण करते हुए कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा, राष्ट्रवाद और जनकल्याण के आदर्शों से प्रेरित रहा। उनके विचार आज भी समाज को राष्ट्र निर्माण और सेवा की दिशा में प्रेरित करते हैं।

अलका बाघमार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित प्रधानमंत्री आवास योजना ने लाखों जरूरतमंद परिवारों को सम्मानजनक जीवन जीने का अवसर प्रदान किया है। ऐसे आवास परिसरों में वृक्षारोपण न केवल पर्यावरण संरक्षण का महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में भी सार्थक पहल है। उन्होंने नागरिकों से पौधों की नियमित देखभाल करने और हरित वातावरण बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

कार्यक्रम में भाजपा झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ के प्रदेश सह संयोजक एवं संभाग प्रभारी दिनेश देवांगन ने कहा कि प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पूरे प्रदेश में सेवा, समर्पण और पर्यावरण संरक्षण के विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से मनाई जा रही है। उन्होंने कहा कि पौधारोपण तभी सार्थक होगा जब प्रत्येक पौधे का संरक्षण भी सुनिश्चित किया जाए। सभी कार्यकर्ताओं को लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल का संकल्प लेना चाहिए।

जिला संयोजक दिनेश मिश्रा ने कहा कि वृक्ष लगाना केवल पर्यावरण संरक्षण का कार्य नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी भी है। यदि प्रत्येक नागरिक अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करे तो पर्यावरण संरक्षण का बड़ा लक्ष्य आसानी से प्राप्त किया जा सकता है।

इस अवसर पर पार्षद लीना दिनेश देवांगन, पार्षद रंजिता पाटिल, जिला सह संयोजक दीपक कुमार सिन्हा, भागवत बुंदेल, भूषण धीवर, सविता सुलखे, पार्वती पंडित, देवेश शुक्ला, निशा तिवारी, अंबिका प्रसाद तिवारी, अरुण सिन्हा, ओमकार साहू, सागर यादव, संतोष साहू, गिरीश सोनी, तिलक, अर्जुन सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और हरित भारत के निर्माण के लिए निरंतर वृक्षारोपण एवं पौधों के संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया।