दुर्ग में पंचायत सचिव पदस्थापना दिवस एवं सम्मान समारोह आज, मंत्री-सांसद सहित कई अतिथि होंगे शामिल

दुर्ग में जिला पंचायत सचिव संघ द्वारा 7 जुलाई को पंचायत सचिव पदस्थापना दिवस एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि और पंचायत सचिव शामिल होंगे। समारोह में एक वर्ष के दौरान सेवानिवृत्त हुए सचिवों का सम्मान भी किया जाएगा।

Jul 7, 2026 - 12:56
 0  8
दुर्ग में पंचायत सचिव पदस्थापना दिवस एवं सम्मान समारोह आज, मंत्री-सांसद सहित कई अतिथि होंगे शामिल

UNITED NEWS OF ASIA. रोहिताश सिंह भुवाल, दुर्ग l पंचायत राज व्यवस्था की आधारशिला माने जाने वाले पंचायत सचिवों के सम्मान में जिला पंचायत सचिव संघ दुर्ग द्वारा मंगलवार, 7 जुलाई 2026 को "पंचायत सचिव पदस्थापना दिवस एवं सम्मान समारोह" का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम दुर्ग-बालोद मार्ग स्थित कोलिहापुरी के 36 फोर्ट रिसोर्ट में आयोजित होगा, जिसमें पंचायत विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि और जिलेभर के पंचायत सचिव बड़ी संख्या में शामिल होंगे।

कार्यक्रम का पहला सत्र सुबह 11 बजे से प्रारंभ होगा। इस सत्र के मुख्य अतिथि जिला पंचायत दुर्ग के मुख्य कार्यपालन अधिकारी बजरंग दुबे होंगे, जबकि अध्यक्षता उप संचालक पंचायत आकाश सोनी करेंगे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में जनपद पंचायत धमधा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी किरण कुमार कौशिक, जनपद पंचायत पाटन के मुख्य कार्यपालन अधिकारी महेंद्र जांगड़े तथा जनपद पंचायत दुर्ग की मुख्य कार्यपालन अधिकारी कन्या शर्मा उपस्थित रहेंगी।

दोपहर 2 बजे से समारोह का दूसरा सत्र आयोजित होगा। इस सत्र के मुख्य अतिथि दुर्ग सांसद विजय बघेल होंगे। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग के उपाध्यक्ष ललित चंद्राकर अतिविशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता कर्मचारी फेडरेशन के अध्यक्ष कमल वर्मा करेंगे।

समारोह का प्रमुख आकर्षण 8 जुलाई 2025 से 7 जुलाई 2026 के बीच सेवानिवृत्त हुए पंचायत सचिवों का सम्मान होगा। जिला पंचायत सचिव संघ उनके लंबे और समर्पित सेवाकाल को सम्मानित करते हुए उन्हें प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न प्रदान करेगा। आयोजन का उद्देश्य पंचायत सचिवों के योगदान को सम्मान देना तथा पंचायत व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाने की भावना को प्रोत्साहित करना है।

जिला पंचायत सचिव संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि पंचायत सचिव ग्रामीण विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शासन की अधिकांश योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने और ग्रामीण विकास को गति देने में पंचायत सचिवों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। ऐसे में उनके सम्मान और प्रोत्साहन के लिए इस प्रकार के आयोजन आवश्यक हैं।

जिला अध्यक्ष महेंद्र कुमार साहू और जिला सचिव शेष नारायण चंद्रवंशी ने जिले के सभी पंचायत सचिवों से कार्यक्रम में गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन पंचायत सचिवों के सम्मान के साथ-साथ आपसी संवाद, अनुभव साझा करने और संगठनात्मक एकजुटता को मजबूत करने का भी महत्वपूर्ण अवसर होगा।

यह समारोह पंचायत सचिवों के कार्यों को सम्मान देने, उनकी सेवाओं को सराहने और पंचायत व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।