अंबिकापुर में विकास कार्यों की समीक्षा, अरुण साव ने त्योहारों से पहले सड़क मरम्मत पूरी करने के दिए निर्देश

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने अंबिकापुर में सरगुजा और सूरजपुर जिले के अधिकारियों की संयुक्त बैठक लेकर विकास कार्यों और विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की। उन्होंने समयबद्धता, गुणवत्ता और जनहित को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। त्योहारों से पहले सड़कों की मरम्मत पूरी करने, पीएम आवास के निर्माण कार्य अक्टूबर तक पूरा करने, पेयजल व्यवस्था की निगरानी और ग्रामीण क्षेत्रों में खेल गतिविधियां बढ़ाने पर जोर दिया।

Oct 8, 2026 - 12:54
 0  2
अंबिकापुर में विकास कार्यों की समीक्षा, अरुण साव ने त्योहारों से पहले सड़क मरम्मत पूरी करने के दिए निर्देश

UNITED NEWS OF ASIA. अंबिकापुर l उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने 8 अक्टूबर 2026 को सरगुजा संभागीय मुख्यालय अंबिकापुर में सरगुजा और सूरजपुर जिले के अधिकारियों की संयुक्त बैठक लेकर विभिन्न विकास कार्यों और शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में लोक निर्माण विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग के कार्यों की प्रगति की जानकारी ली गई। इस दौरान अधिकारियों को विकास कार्यों में तेजी लाने, योजनाओं का प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।

अरुण साव ने कहा कि स्वीकृत विकास कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरे किए जाएं और निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं और निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने तथा विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्यों को गति देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसलिए योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

नगरीय क्षेत्रों की समीक्षा के दौरान उप मुख्यमंत्री ने शहरों की स्वच्छता और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहर किसी भी जिले और प्रदेश की छवि का महत्वपूर्ण हिस्सा होते हैं, इसलिए नगरीय निकायों को साफ-सफाई और मूलभूत व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान देना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद कार्य तत्काल शुरू कराने और प्रगतिरत कार्यों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी को प्राथमिकता का कार्य बताते हुए उन्होंने सभी मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को अक्टूबर माह तक प्रगतिरत आवास निर्माण कार्य पूर्ण करने को कहा।

बैठक में मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना, अधोसंरचना मद, स्वच्छ भारत मिशन शहरी, प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी, 15वें वित्त आयोग और रेन वाटर हार्वेस्टिंग सहित विभिन्न योजनाओं की भी समीक्षा की गई। अरुण साव ने राजस्व संग्रहण कार्य की हर माह समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से अपने कार्यालयों की व्यवस्था सुधारने और साफ-सफाई बनाए रखने को भी कहा।

लोक निर्माण विभाग की समीक्षा करते हुए उप मुख्यमंत्री ने बरसात के बाद सड़कों की मरम्मत के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने भवनों, सड़कों, पुल-पुलियों और अन्य निर्माण कार्यों की स्थिति की जानकारी ली तथा कहा कि त्योहारों का समय आने वाला है, इसलिए सड़कों की मरम्मत समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरी की जाए, ताकि लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।

लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की समीक्षा के दौरान जल जीवन मिशन सहित पेयजल योजनाओं की स्थिति की जानकारी ली गई। उन्होंने पेयजल व्यवस्था सुचारू बनाए रखने, जल स्रोतों की उपलब्धता सुनिश्चित करने, लंबित कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने तथा पेयजल अधोसंरचना के रखरखाव और नियमित निगरानी के निर्देश दिए।

खेल एवं युवा कल्याण विभाग की समीक्षा में अरुण साव ने ग्रामीण क्षेत्रों की प्राथमिक शालाओं में खेल गतिविधियां बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने खेल अधिकारियों को जिला पंचायत और शिक्षा विभाग के साथ मिलकर कार्ययोजना तैयार करने तथा संकुलवार एक-एक पीटीआई को खेल गतिविधियों के संचालन के लिए चिन्हांकित करने को कहा। सरगुजा ओलंपिक के पंजीयन और प्रचार-प्रसार की भी जानकारी ली गई। उन्होंने अधिक से अधिक युवाओं को खेलों से जोड़ने और स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक प्रयास करने के निर्देश दिए। बैठक में सरगुजा और सूरजपुर जिले के वरिष्ठ अधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।