दूसरे दिन के खेल में राजस्थान अंडर-23 टीम ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण करने का फैसला किया। छत्तीसगढ़ की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए अपनी पहली पारी में 100.3 ओवर में सभी 10 विकेट खोकर 286 रन बनाए। छत्तीसगढ़ की शुरुआत कुछ खास नहीं रही और सलामी बल्लेबाज शोभित शर्मा खाता खोले बिना आउट हो गए, जबकि आयुष पांडे 21 रन बनाकर पवेलियन लौटे।
मध्यक्रम में मयंक वर्मा ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 81 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली। उनके साथ राहुल प्रधान ने 58 रन बनाकर पारी को मजबूती दी। दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए 112 रनों की अहम साझेदारी हुई, जिसने छत्तीसगढ़ की पारी को स्थिरता प्रदान की। इसके अलावा दीपक यादव ने 36 रन और हर्ष साहू ने 24 रनों का उपयोगी योगदान दिया।
राजस्थान की ओर से गेंदबाजी में गणेश सुथार और चेतन शर्मा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन-तीन विकेट हासिल किए। वहीं मोहित चंगरा को दो विकेट मिले।
दूसरे दिन के खेल के उत्तरार्ध में राजस्थान अंडर-23 टीम ने अपनी पहली पारी की शुरुआत की। दिन का खेल समाप्त होने तक राजस्थान ने 71 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 167 रन बना लिए हैं। राजस्थान की ओर से सचिन यादव ने सर्वाधिक 75 रन बनाए, जबकि सुमित ने 28 रनों का योगदान दिया।
छत्तीसगढ़ की गेंदबाजी का सबसे आकर्षक प्रदर्शन वरुण सिंह भुई ने किया। उन्होंने घातक और अनुशासित गेंदबाजी करते हुए कुल 6 विकेट अपने नाम किए और राजस्थान की बल्लेबाजी को दबाव में ला दिया।
दूसरे दिन की समाप्ति तक राजस्थान की टीम छत्तीसगढ़ से 119 रन पीछे है। मुकाबला अब बेहद रोमांचक मोड़ पर पहुंच चुका है और तीसरे दिन का खेल दोनों टीमों के लिए निर्णायक साबित हो सकता है।
यह जानकारी छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ, रायपुर द्वारा जारी की गई है।