पंडरिया विधायक भावना बोहरा की महादेव भक्ति के साथ मानव सेवा, 1.5 लाख से अधिक कांवड़ियों को कराया भोजन

पंडरिया विधायक भावना बोहरा द्वारा लगातार पांचवें वर्ष अमरकंटक में कांवड़ यात्रियों के लिए निःशुल्क भोजन एवं विश्राम की व्यवस्था की गई। 30 जुलाई से 24 अगस्त तक चले इस सेवा अभियान के साथ जलेश्वर महादेव मंदिर डोंगरिया में पूरे सावन माह भंडारे का आयोजन किया गया। दोनों स्थानों पर 1.5 लाख से अधिक कांवड़ियों और श्रद्धालुओं को सात्विक भोजन कराया गया।

Aug 27, 2026 - 20:20
 0  3
पंडरिया विधायक भावना बोहरा की महादेव भक्ति के साथ मानव सेवा, 1.5 लाख से अधिक कांवड़ियों को कराया भोजन

UNITED NEWS OF ASIA. सौरभ नामदेव, कवर्धा l महादेव की भक्ति के साथ मानव सेवा और सामाजिक सरोकार की भावना को आगे बढ़ाते हुए पंडरिया विधायक भावना बोहरा द्वारा लगातार पांचवें वर्ष अमरकंटक में कांवड़ यात्रियों के लिए निःशुल्क भोजन एवं विश्राम व्यवस्था की गई। इस वर्ष अमरकंटक के साथ ग्राम डोंगरिया स्थित जलेश्वर महादेव मंदिर में भी पूरे सावन माह श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का आयोजन किया गया।

अमरकंटक के मेला मैदान स्थित डोम, नया नगर पालिका परिसर में 30 जुलाई से शुरू हुई निःशुल्क भोजन एवं विश्राम व्यवस्था का 24 अगस्त को विधिवत समापन हुआ। वहीं डोंगरिया स्थित जलेश्वर महादेव मंदिर में पूरे सावन माह तक कांवड़ यात्रियों और श्रद्धालुओं को भोजन कराया गया।

1.5 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद

अमरकंटक और डोंगरिया में इस वर्ष 1.5 लाख से अधिक शिवभक्तों और कांवड़ियों की सेवा की गई। कठिन कांवड़ यात्रा के बाद अमरकंटक पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के लिए भोजन के साथ विश्राम की सुविधा उपलब्ध कराई गई। दोनों स्थानों पर श्रद्धालुओं को सात्विक भोजन एवं प्रसाद परोसा गया।

विधायक भावना बोहरा द्वारा पिछले पांच वर्षों से अमरकंटक में कांवड़ यात्रियों की सेवा की जा रही है। इस पहल का उद्देश्य दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना और ‘सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है’ की भावना को साकार करना है।

भक्ति के साथ जनसेवा का संकल्प

भावना बोहरा ने कहा कि भगवान महादेव की भक्ति के साथ श्रद्धालुओं की सेवा करना उनके लिए केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि जनसेवा और संस्कारों से जुड़ा दायित्व है। सावन माह में शिवभक्तों की सेवा करने का अवसर लगातार पांचवें वर्ष मिलना उनके लिए सौभाग्य की बात है।

उन्होंने कहा कि पिछले पांच वर्षों से कबीरधाम जिले से कठिन यात्रा कर अमरकंटक पहुंचने वाले कांवड़ियों की सेवा करने का अवसर मिला है। इसके साथ ही पिछले दो वर्षों से मां नर्मदा मंदिर अमरकंटक से भोरमदेव मंदिर तक 151 किलोमीटर की कांवड़ पदयात्रा में शामिल होने का सौभाग्य भी प्राप्त हुआ है।

उन्होंने कबीरधाम जिले से आने वाले सभी कांवड़ यात्रियों और श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि धार्मिक सभ्यता और संस्कृति को आगे बढ़ाने में श्रद्धालुओं का योगदान आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देगा।

समाजसेवियों ने दिन-रात की सेवा

विधायक ने कहा कि इस सेवा अभियान में भावना समाज सेवी संस्थान के सदस्यों ने दिन-रात सेवाभाव से कांवड़ियों की सेवा की। कार्यकर्ताओं ने श्रद्धालुओं की आवश्यकताओं का ध्यान रखते हुए उन्हें भोजन परोसा और कठिन यात्रा को सुगम बनाने के लिए लगातार सहयोग किया।

उन्होंने समाजसेवियों, कबीरधाम जिले की जनता और प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। विधायक ने कहा कि समाज के लोगों के सहयोग और आशीर्वाद से ही इतने बड़े सेवा कार्य को सफलतापूर्वक पूरा किया जा सका।

अमरकंटक में निःशुल्क भोजन एवं विश्राम सेवा के समापन और डोंगरिया के जलेश्वर महादेव मंदिर में पूरे सावन चले भंडारे ने भक्ति के साथ सेवा और सेवा के साथ समर्पण की भावना को एक बार फिर सार्थक किया।