स्वतंत्रता दिवस से एक दिन पहले 14 अगस्त को भारत विभाजन एवं विभीषिका स्मृति दिवस मनाया गया। इस अवसर पर नन्हे बच्चों ने फैंसी ड्रेस और नृत्य की प्रस्तुतियां दीं, जबकि कक्षा पहली से पांचवीं तक के विद्यार्थियों ने भाषण और देशभक्ति गीतों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कक्षा दूसरी के विद्यार्थी विधाय देवांगन ने संचालिका सारिका देवांगन के मार्गदर्शन में मोबाइल की बुरी आदत विषय पर शानदार नाटक प्रस्तुत किया, जिसे उपस्थित लोगों ने खूब सराहा।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर APS-2 और APS-3 में विद्यालय संचालक पवन देवांगन, संचालिका सारिका देवांगन एवं गीतेश देवांगन ने ध्वजारोहण किया। वहीं APS-1 में विद्यालय संसद के प्रधानमंत्री अक्षत वैष्णव, उप-प्रधानमंत्री वासुदेव वैष्णव एवं रेहान खान, सचिव निधि चन्दवंशी तथा संसद के मुख्यमंत्री के हाथों ध्वजारोहण किया गया। ध्वजारोहण के बाद स्काउट्स एवं गाइड्स कैडेट्स ने शानदार मार्चपास्ट प्रस्तुत कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और महापुरुषों के छायाचित्र पर माल्यार्पण के साथ हुई। इसके बाद विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, नृत्य, हिंदी कविता, संस्कृत एवं अंग्रेजी भाषण सहित विभिन्न प्रस्तुतियां दीं। सैनिक और तिरंगे की वेशभूषा में सजे नन्हे बच्चों से लेकर वरिष्ठ विद्यार्थियों तक सभी में स्वतंत्रता दिवस को लेकर विशेष उत्साह दिखाई दिया। विद्यालय संसद के छात्र नेताओं ने भी अपने विचार रखते हुए राष्ट्रप्रेम, अनुशासन और जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया।
पवन देवांगन एवं सारिका देवांगन ने अपने संबोधन में स्वतंत्रता के महत्व और उसकी वास्तविक कीमत को समझाया। उन्होंने विद्यार्थियों को सच्ची देशभक्ति, अनुशासन और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का पालन करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही अभिभावकों से बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए विद्यालय के साथ कदम से कदम मिलाकर चलने का आह्वान किया।
समारोह में प्राचार्य सोहनलाल नापित, उप-प्राचार्य लोकनाथ देवांगन, एडमिन सागर नामदेव, शिक्षकगण, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे। आस्था केशरवानी और रूचि तुरकर ने कार्यक्रम का शानदार संचालन किया। समारोह के दौरान विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
मिष्ठान वितरण के बाद राष्ट्रीय गीत के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। अशोका पब्लिक स्कूल के तीनों परिसरों में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह ने विद्यार्थियों में देशभक्ति, संस्कार, अनुशासन और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया।