तिल्दा-नेवरा में चाकू की नोक पर लूट करने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार, 59,500 रुपये का माल बरामद
रायपुर ग्रामीण के तिल्दा-नेवरा थाना क्षेत्र में ट्रक चालक से चाकू की नोक पर नकदी और मोबाइल लूटने वाले चार आरोपियों को पुलिस ने कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू, 4,500 रुपये नकद, Redmi मोबाइल और प्लेटिना मोटरसाइकिल बरामद की गई। बरामद सामग्री की कुल कीमत 59,500 रुपये बताई गई है। पुलिस आरोपियों से क्षेत्र में हुई अन्य लूट और चोरी की घटनाओं को लेकर पूछताछ कर रही है।
UNITED NEWS OF ASIA. अशोक मिश्रा, तिल्दा-नेवरा l थाना क्षेत्र में ट्रक चालक से चाकू की नोक पर नकदी और मोबाइल फोन लूटने वाले चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही से घटना में इस्तेमाल चाकू, लूटी गई नकदी, मोबाइल फोन और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। बरामद सामग्री की कुल कीमत करीब 59 हजार 500 रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार प्रार्थी सुनील राम, मूल निवासी ग्राम भरौली, थाना नरही, जिला बलिया उत्तर प्रदेश, वर्तमान में रायपुर के रांवाभाठा में रहकर ट्रक चालक का काम करता है। 26 अगस्त 2026 को वह ट्रक क्रमांक CG 04 PP 5250 में जांजगीर-चांपा से लोहा लेकर ग्राम कोनारी स्थित श्री राम दूत इस्पात कंपनी पहुंचा था। ट्रक कंपनी के बाहर खड़ा करने के बाद वह केबिन में सो गया।
ट्रक के केबिन में घुसकर की लूट
27 अगस्त की रात करीब 2 बजे चार आरोपी ट्रक के केबिन का कांच खोलकर अंदर घुस गए। आरोपियों ने ट्रक चालक को चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और उसके साथ मारपीट की। इसके बाद आरोपियों ने उसकी जेब से 4,500 रुपये नकद और 5,000 रुपये कीमत का Redmi मोबाइल फोन लूट लिया और मौके से फरार हो गए।
घटना के दौरान आरोपी एक-दूसरे को साहिल, सोनू और वीरू नाम से पुकार रहे थे। वहीं वारदात में एक मोटरसाइकिल क्रमांक CG 04 QY 6670 का इस्तेमाल किए जाने की जानकारी पुलिस को मिली।
कुछ ही घंटों में पुलिस ने दबोचे आरोपी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक रायपुर ग्रामीण श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के निर्देशन में पुलिस टीमों ने आरोपियों की तलाश शुरू की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंचल तिवारी और एसडीओपी विधानसभा वीरेंद्र चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में थाना तिल्दा-नेवरा पुलिस ने तकनीकी एवं भौतिक साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई।
मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वारदात में शामिल चारों आरोपियों को कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों द्वारा घटना में शामिल होना स्वीकार किए जाने की जानकारी पुलिस ने दी है।
चाकू, नकदी, मोबाइल और बाइक बरामद
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने एक चाकू, 4,500 रुपये नकद, Redmi मोबाइल फोन और प्लेटिना मोटरसाइकिल बरामद की है। बरामद सामग्री की कुल कीमत 59,500 रुपये बताई गई है।
गिरफ्तार आरोपियों में अकबर पारधी (23), सोनू मांडवी (21), साहिल उइके (18) और विरु पारधी (25) शामिल हैं। सभी आरोपी रायपुर जिले के अलग-अलग गांवों के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना तिल्दा-नेवरा में अपराध क्रमांक 362/2026, धारा 309(4), 3(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई की है। पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच करने के साथ ही क्षेत्र में हुई अन्य लूट, चोरी और आपराधिक घटनाओं में उनकी संभावित संलिप्तता को लेकर पूछताछ कर रही है।