छोटेडोंगर में 10 मार्च से चार दिवसीय मावली मेला, तैयारियां तेज
नारायणपुर जिले के छोटेडोंगर में 10 मार्च से चार दिवसीय प्रसिद्ध मावली मेला आयोजित होगा। ग्राम पंचायत की बैठक में पूजा-अर्चना, माड़िया नाचा, 84 परगना देव परिक्रमा, सांस्कृतिक कार्यक्रम, पेयजल व सुरक्षा व्यवस्था सहित मेला समिति का गठन किया गया।
UNITED NEWS OF ASIA. संतोष मजुमदार, नारायणपुर | नारायणपुर जिले के छोटेडोंगर का प्रसिद्ध चार दिवसीय मावली मेला आगामी 10 मार्च से प्रारंभ होगा। मेले के सफल आयोजन को लेकर मंगलवार को बालक छात्रावास प्रांगण में ग्राम पंचायत द्वारा विशेष बैठक आयोजित की गई, जिसमें क्षेत्र की 9 ग्राम पंचायतों के जनप्रतिनिधि, पुलिस प्रशासन, कर्मचारी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
बैठक में तय कार्यक्रम के अनुसार 10 मार्च की सुबह दंतेश्वरी मंदिर में देवी-देवताओं के आगमन के बाद पूजा-अर्चना की जाएगी। उसी दिन रात्रि 8 बजे से पारंपरिक माड़िया नाचा का आयोजन होगा।
11 मार्च को 84 परगना के देवी-देवताओं द्वारा मेला स्थल की ढाई परिक्रमा की जाएगी।
12 मार्च की रात्रि 8 बजे से भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।
13 मार्च को मेले का समापन किया जाएगा।
मेला स्थल पर पेयजल, साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। दूर-दराज से आने वाले व्यापारियों के लिए स्थान आबंटन एवं सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने का निर्णय लिया गया।
बैठक में मेला समिति का गठन किया गया। समिति में अध्यक्ष सोनसिंग कोर्राम, उपाध्यक्ष भारत भुटान एवं मीना मांझी, कोषाध्यक्ष संध्या पवार, सचिव पवन कुलदीप, संरक्षक लिखराम बेलसरिया, चमरा राम मांझी, बेदूराम पात्र, सुखराम पात्र, सलाहकार गणेश सिंह बघेल, सुकदेव नाग, काशीराम नाग, देवल पात्र, मीडिया प्रभारी संतोष मजूमदार व बोधन नाग तथा विशेष सलाहकार सोमनाथ मांझी और राकेश उसेड़ी को नियुक्त किया गया।
उल्लेखनीय है कि छोटेडोंगर का मावली मेला क्षेत्र का प्रमुख धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन है। इस मेले में कांकेर, कोंडागांव, जगदलपुर, राजनांदगांव, दल्ली राजहरा और पखांजूर सहित विभिन्न क्षेत्रों से व्यापारी पहुंचकर अपने व्यापार का संचालन करते हैं। मेले को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है।