धमतरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध शराब बेचते दो आरोपी गिरफ्तार
धमतरी पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सिटी कोतवाली और अर्जुनी थाना क्षेत्र से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 68 पौवा देशी शराब, नगदी, मोबाइल सहित कुल 27,510 रुपये की सामग्री जब्त की। दोनों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
UNITED NEWS OF ASIA. रिजवान मेमन, धमतरी l जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ धमतरी पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 5 अगस्त को सिटी कोतवाली धमतरी और अर्जुनी थाना पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर अवैध शराब बेचते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने देशी शराब, नकदी और अन्य सामग्री सहित कुल 27,510 रुपये का मशरूका जब्त किया है।
पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को अवैध शराब की बिक्री, परिवहन और सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन कराने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। इसी के तहत दोनों थाना क्षेत्रों में मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई।
सिटी कोतवाली पुलिस की कार्रवाई
सिटी कोतवाली पुलिस को सूचना मिली थी कि सिंधी समाज श्मशान घाट के सामने नहर नाका, दानीटोला वार्ड में एक व्यक्ति अवैध रूप से शराब बेच रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी दीव्यांशु सिंह को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 53 पौवा देशी शराब, जिसकी कीमत 4,240 रुपये, एक मोबाइल फोन जिसकी कीमत 20,000 रुपये तथा शराब बिक्री से प्राप्त 1,760 रुपये नकद बरामद किए गए। इस प्रकार कुल 26,000 रुपये की सामग्री जब्त की गई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
अर्जुनी थाना पुलिस की कार्रवाई
इसी प्रकार अर्जुनी थाना पुलिस को सूचना मिली कि राजीव नगर अछोटा स्थित काटी तालाब सामुदायिक भवन के सामने एक व्यक्ति अवैध शराब बेच रहा है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मौके पर पहुंचकर भूपेन्द्र देवांगन को गिरफ्तार किया।
आरोपी के पास से 15 पौवा देशी शराब जिसकी कीमत 1,200 रुपये तथा बिक्री की 310 रुपये नकद राशि बरामद की गई। कुल 1,510 रुपये का मशरूका जब्त करते हुए आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।
नशे के कारोबार पर जीरो टॉलरेंस
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब की बिक्री, परिवहन और नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने, शराब पिलाने या इसके लिए संसाधन उपलब्ध कराने वालों पर भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि उनके आसपास कहीं अवैध शराब की बिक्री, भंडारण या परिवहन की जानकारी हो तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
धमतरी पुलिस का कहना है कि नशे के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा ताकि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाया जा सके। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप का माहौल है और पुलिस भविष्य में भी इसी तरह प्रभावी कार्रवाई जारी रखने के लिए प्रतिबद्ध है।