स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने हिर्री गांव में बच्चों से किया संवाद, जूते-मोजे किए भेंट

दुर्ग जिले के हिर्री गांव में स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने सड़क पर स्कूल से लौट रहे विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद किया और उनकी जरूरतों को देखते हुए उन्हें जूते-मोजे भेंट किए। उन्होंने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने और प्रदेश का नाम रोशन करने का संदेश दिया।

Jun 18, 2026 - 10:42
 0  3
स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने हिर्री गांव में बच्चों से किया संवाद, जूते-मोजे किए भेंट

UNITED NEWS OF ASIA. हसीब अख्तर, रायपुर l रायपुर, 17 जून 2026। स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने आज अपने दौरे के दौरान दुर्ग जिले के हिर्री गांव में सड़क किनारे स्कूल से घर लौट रहे विद्यार्थियों से आत्मीय मुलाकात की। अचानक काफिला रुकवाकर उन्होंने बच्चों से बातचीत की और उनकी पढ़ाई तथा विद्यालय की व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली।

मंत्री ने विद्यार्थियों से पूछा कि विद्यालय में पढ़ाई का माहौल कैसा है और उन्हें किस प्रकार की सुविधाएं मिल रही हैं। इस पर बच्चों ने बताया कि वे स्वामी आत्मानंद हायर सेकेंडरी स्कूल, हिर्री के छात्र-छात्राएं हैं और नए शैक्षणिक सत्र में उन्हें बेहतर शैक्षणिक माहौल मिल रहा है। बच्चों ने यह भी बताया कि स्कूल में मंत्रोच्चार, सरस्वती वंदना, भोजन मंत्र और संस्कारपरक गतिविधियों के माध्यम से शिक्षा दी जा रही है, जिससे उन्हें सकारात्मक सीख मिल रही है।

विद्यार्थियों ने आगे बताया कि विद्यालय के पहले दिन शिक्षकों ने तिलक-चंदन लगाकर उनका स्वागत किया था और उन्हें स्कूल यूनिफॉर्म भी प्रदान की गई है। साथ ही शिक्षकों ने निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें और कॉपियां उपलब्ध कराने की जानकारी भी दी।

बच्चों की बात सुनकर मंत्री गजेन्द्र यादव ने उनके साथ पैदल चलते हुए निकटस्थ दुकान तक पहुंचकर सभी विद्यार्थियों के लिए जूते और मोजे उपलब्ध कराए। अचानक मिली इस सुविधा से बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे और उन्होंने मंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर मंत्री ने कहा कि बच्चे उनके अपने परिवार के सदस्य जैसे हैं और उनकी आवश्यकताओं को समझना उनकी जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि उनकी पुत्री भी वर्तमान में कक्षा दसवीं में अध्ययनरत है, इसलिए वे विद्यार्थियों की भावनाओं और समस्याओं को भली-भांति समझते हैं।

मंत्री ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि सभी बच्चे मन लगाकर पढ़ाई करें, अपने माता-पिता और शिक्षकों का सम्मान करें तथा अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से राज्य और देश का नाम रोशन करें। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार गुणवत्तापूर्ण और संस्कारयुक्त शिक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

उन्होंने आश्वस्त किया कि प्रदेश के प्रत्येक विद्यालय में बेहतर सुविधाएं, संसाधन और शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि हर विद्यार्थी अपने उज्ज्वल भविष्य की दिशा में आगे बढ़ सके।