बहतराई खेल प्रशिक्षण केंद्र में निर्माण कार्यों में देरी पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव नाराज

बिलासपुर के बहतराई खेल प्रशिक्षण केंद्र में निर्माण और मरम्मत कार्यों की धीमी प्रगति पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने और 15 दिनों में प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

Jun 18, 2026 - 10:36
 0  3
बहतराई खेल प्रशिक्षण केंद्र में निर्माण कार्यों में देरी पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव नाराज

UNITED NEWS OF ASIA. विशु तिवारी, बिलासपुर l बिलासपुर, 17 जून 2026। उप मुख्यमंत्री तथा खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने आज बहतराई स्थित स्वर्गीय बी.आर. यादव राज्य खेल प्रशिक्षण केंद्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण और मरम्मत कार्यों की धीमी प्रगति पर अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों के प्रति गहरी नाराजगी व्यक्त की।

निरीक्षण के दौरान उप मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि खिलाड़ियों को उत्कृष्ट खेल सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी लंबित कार्यों में तत्काल तेजी लाई जाए और खेल अधोसंरचना को मजबूत किया जाए।

अरुण साव ने मैपलवुड फ्लोरिंग, तीरंदाजी मैदान, हॉकी गैलरी एवं फ्लड लाइट, कबड्डी इण्डोर व आउटडोर मैदान, एच.वी.ए.सी. कार्य तथा आउटडोर स्टेडियम की प्रगति का विस्तार से निरीक्षण किया। उन्होंने हॉस्टल के रखरखाव की स्थिति पर भी असंतोष जताया और कहा कि जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) मद में राशि उपलब्ध होने के बावजूद कार्यों में देरी गंभीर लापरवाही है।

उन्होंने कहा कि बिलासपुर प्रदेश का दूसरा सबसे बड़ा मुख्यालय होने के बावजूद यहां खिलाड़ियों के लिए आवश्यक सुविधाओं के निर्माण कार्य धीमी गति से चल रहे हैं, जो चिंता का विषय है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के उप अभियंता, एसडीओ, कार्यपालन अभियंता और अन्य अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

उप मुख्यमंत्री ने सभी निर्माण एजेंसियों को निर्देशित किया कि कार्यों की स्पष्ट कार्ययोजना बनाकर समयसीमा के भीतर पूरा किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि सभी लंबित कार्यों की प्रगति रिपोर्ट 15 दिनों के भीतर उप मुख्यमंत्री कार्यालय में प्रस्तुत की जाए।

इण्डोर स्टेडियम में वर्ष 2017 में जारी कार्यादेश के बावजूद मैपलवुड फ्लोरिंग कार्य अब तक अधूरा रहने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त की और इसे गंभीर लापरवाही बताया। उन्होंने अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ शीघ्र कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

इसके अलावा उन्होंने एच.वी.ए.सी. कार्य के लिए स्थल निरीक्षण कर आवश्यक प्राक्कलन तैयार करने, डक्टिंग की सफाई कराने और तीरंदाजी मैदान के निर्माण को जुलाई तक पूर्ण करने के निर्देश दिए। आउटडोर स्टेडियम में हाई मास्ट लाइट की मरम्मत को भी तत्काल पूरा करने के आदेश दिए गए।

कबड्डी इण्डोर एवं आउटडोर मैदान के लिए पुनरीक्षित प्रशासकीय स्वीकृति हेतु आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने और मंत्रालय से समन्वय स्थापित करने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही उन्होंने हॉकी मैदान में दर्शकों और अधिकारियों के लिए शौचालय सुविधाओं के विस्तार के निर्देश दिए।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि बहतराई खेल प्रशिक्षण केंद्र को एक उत्कृष्ट खेल अधोसंरचना केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा, जहां खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की देरी या लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान विधायक सुशांत शुक्ला, कलेक्टर संजय अग्रवाल, नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे और जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।