UNITED NEWS OF ASIA. यज्ञ राज पटेल, छिंदवाड़ा l वर्ष 2026 में छिंदवाड़ा शहर में गणेशोत्सव पर्व 14 सितंबर 2026 से 25 सितंबर 2026 तक धूमधाम से आयोजित किया जा रहा है। इस दौरान 19 सितंबर 2026 से गणेशोत्सव मेला प्रारंभ होने जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु पैदल तथा अपने दोपहिया और चौपहिया वाहनों से गणेश प्रतिमाओं का दर्शन करने निकलेंगे। इसके उपरांत 25 सितंबर 2026 से 27 सितंबर 2026 तक गणेश मूर्ति विसर्जन एवं विशाल गणेश प्रतिमाओं का चल समारोह आयोजित किया जाएगा। इस संपूर्ण अवधि के दौरान शहर के मुख्य मार्गों पर अत्यधिक भीड़ रहने की संभावना को देखते हुए जन सामान्य की सुविधा और सुरक्षा के लिए विशेष यातायात एवं डायवर्सन व्यवस्था लागू की गई है।
लोक सुरक्षा एवं जनकल्याण की दृष्टि से गणेशोत्सव पर्व के दौरान 16 सितंबर 2026 से 27 सितंबर 2026 तक शहर में भारी और मालवाहक वाहनों का प्रवेश सुबह छह बजे से रात्रि ग्यारह बजे तक पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। इस अवधि में अनुमति प्राप्त या गैर अनुमति प्राप्त किसी भी प्रकार के भारी वाहनों को शहर की सीमा में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। शासकीय कार्यों और अत्यावश्यक सेवाओं में लगे वाहनों को थाना प्रभारी यातायात छिंदवाड़ा से पूर्व अनुमति प्राप्त कर निर्धारित मार्ग से ही आवागमन करने की छूट रहेगी। आवश्यकता पड़ने पर देर रात्रि तक नो-एंट्री की समयावधि विस्तारित की जा सकती है।
शहर के प्रमुख स्थानों जैसे ईएलसी तिराहा, अनगड़ हनुमान मंदिर चौराहा, जेल तिराहा, सत्कार तिराहा, पुलिस लाइन गेट, पाटनी पेट्रोल पंप, यातायात चौक, पुराना पावर हाउस और लालबाग चौराहा से आवश्यकतानुसार वाहनों को डायवर्ट किया जाएगा। इसके अतिरिक्त भीड़भाड़ को नियंत्रित करने के लिए फव्वारा चौक से राममंदिर छोटी बाजार तक तथा अनगड़ हनुमान मंदिर से मटका बाजार तक तीन और चार पहिया वाहनों का प्रवेश पूरी तरह निषेध रहेगा।
छोटा तालाब में गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन हेतु आने वाली प्रतिमाओं के लिए विशेष मार्ग निर्धारित किए गए हैं। नरसिंहपुर मार्ग और सिवनी मार्ग से आने वाले वाहन चारफाटक से तिलक मार्केट होते हुए विसर्जन स्थल पहुंचेंगे। छोटी बाजार एवं खिरका मोहल्ला से आने वाली प्रतिमाएं दुर्गा चौक, पाटनी पेट्रोल पंप, लालबाग, पुराना पावर हाउस और बस स्टैंड से तिलक मार्केट होते हुए विसर्जन स्थल तक जाएंगी। विसर्जन पश्चात सभी वाहनों की वापसी विसर्जन स्थल से शांतिनाथ लॉन होते हुए पवार टी हाउस अलका टॉकीज के सामने से गंतव्य स्थल की ओर होगी। छिंदवाड़ा पुलिस ने जन सामान्य से अपील की है कि वे इस यातायात व्यवस्था में सहयोग प्रदान करें।