बैंक खाता खुलवाकर 5 हजार रुपये प्रतिमाह का झांसा देकर लाखों की ठगी, आरोपी गिरफ्तार
बालोद में बैंक खाता खुलवाकर हर महीने 5,000 रुपये देने का झांसा देकर लोगों से ठगी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ लाखों रुपये की धोखाधड़ी का मामला दर्ज है और उसके पास से बैंक पासबुक व मोबाइल फोन जब्त किया गया है।
UNITED NEWS OF ASIA. सुनील साहू, बालोद l जिले में बैंक खाता खुलवाकर हर महीने 5,000 रुपये देने का झांसा देकर लोगों से धोखाधड़ी करने वाले एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। यह मामला साइबर और बैंकिंग फ्रॉड से जुड़ा हुआ है, जिसमें कई लोगों के खातों से लाखों रुपये का अवैध लेनदेन सामने आया है।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी प्रेम सिंह देवांगन सहित अन्य लोगों ने थाना बालोद में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि एक व्यक्ति ने उन्हें प्रति माह 5,000 रुपये मिलने का लालच देकर बैंक खाता खुलवाने के लिए प्रेरित किया। आरोपी ने लोगों को इंडियन ओवरसीज बैंक, शाखा बालोद ले जाकर खाते खुलवाए और प्रत्येक से 800-800 रुपये भी जमा करवाए।
इसके बाद आरोपी ने सभी खाताधारकों के मोबाइल नंबर को नए सिम कार्ड से लिंक कराया और बैंक से प्राप्त एटीएम कार्ड, पिन तथा सिम कार्ड अपने पास रख लिया। कुछ ही समय में इन खातों में अज्ञात व्यक्तियों द्वारा बड़ी रकम जमा और निकासी की जाने लगी, जिसके चलते संबंधित खाते संदिग्ध गतिविधि के कारण बैंक द्वारा सीज कर दिए गए।
जांच में सामने आया कि प्रेम सिंह देवांगन के खाते में 1,55,906 रुपये, सोहन लाल तारम के खाते में 2,50,007 रुपये, डोमन देवांगन के खाते में 36,527 रुपये तथा किसुन देवांगन के खाते में 1,88,816 रुपये का संदिग्ध लेनदेन हुआ। कुल मिलाकर 6 लाख 31 हजार 256 रुपये से अधिक की राशि का अवैध लेनदेन पाया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना बालोद में अपराध क्रमांक 285/2026 के तहत धारा 318(4) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि उसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक विज्ञापन मिला था, जिसमें कैसीनो गेमिंग के लिए बैंक खाता उपलब्ध कराने पर 5,000 रुपये प्रति माह देने का प्रलोभन दिया गया था। विज्ञापन में दिए गए नंबर पर संपर्क करने के बाद उसने लोगों के बैंक खाते खुलवाए और उनके एटीएम कार्ड, पिन व सिम कार्ड अपने पास रख लिए।
इसके बाद आरोपी ने इन खातों की जानकारी और दस्तावेज कोरियर के माध्यम से हरियाणा के पलवल जिले के एक पते पर भेज दिए। इसके बदले में उसे भी 5,000 रुपये की राशि अलग-अलग किश्तों में प्राप्त हुई।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक शाखा दुधली की पासबुक और एक वीवो कंपनी का मोबाइल फोन जब्त किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान पुरानिक देवांगन (34 वर्ष), निवासी ग्राम कोरगुड़ा, थाना एवं जिला बालोद के रूप में हुई है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है ताकि इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान की जा सके।