राष्ट्रीय युवा संसद में EMRS छेरीबेड़ा का शानदार प्रदर्शन, 8 विद्यार्थियों का राष्ट्रीय स्तर पर चयन
राजस्थान के खेरवाड़ा में आयोजित आंचलिक स्तर की राष्ट्रीय युवा संसद प्रतियोगिता में नारायणपुर के ईएमआरएस छेरीबेड़ा की टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए छत्तीसगढ़ को उपविजेता बनाया। प्रतियोगिता के बाद विद्यालय के 8 विद्यार्थियों का राष्ट्रीय स्तर के लिए चयन हुआ, जिन्हें नई दिल्ली स्थित संसद भवन का शैक्षणिक भ्रमण करने का अवसर मिलेगा।
UNITED NEWS OF ASIA. संतोष मजुमदार, नारायणपुर l छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले स्थित एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय (ईएमआरएस) छेरीबेड़ा ने राष्ट्रीय युवा संसद प्रतियोगिता के आंचलिक स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। राजस्थान के खेरवाड़ा (उदयपुर) में आयोजित इस प्रतियोगिता में विद्यालय की 53 सदस्यीय टीम ने छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करते हुए उपविजेता का स्थान हासिल किया। इस उपलब्धि के साथ विद्यालय के आठ विद्यार्थियों का राष्ट्रीय स्तर के लिए चयन भी हुआ है।