5 दिवसीय योग शिविर का शुभारंभ, “करो योग रहो निरोग” का संदेश

गुंडरदेही के भांठागांव आर स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला में आयुष विभाग द्वारा 5 दिवसीय योग शिविर का शुभारंभ जनपद सदस्य कौशल किशोर साहू ने किया। शिविर में योग, प्राणायाम और ध्यान का प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण और विद्यार्थी शामिल हुए।

Jun 18, 2026 - 10:22
 0  11
5 दिवसीय योग शिविर का शुभारंभ, “करो योग रहो निरोग” का संदेश

UNITED NEWS OF ASIA.  लीलाधर साहू, गुण्डरदेही l गुंडरदेही, 17 जून। स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने और लोगों को योग के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से आयुष विभाग द्वारा 5 दिवसीय योग प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ आज भांठागांव आर स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला में किया गया। इस शिविर का उद्घाटन जनपद सदस्य कौशल किशोर साहू ने किया।

यह योग शिविर 17 जून से 21 जून तक प्रतिदिन सुबह 7 बजे से 9 बजे तक आयोजित किया जाएगा। शिविर में ग्रामीणों, विद्यार्थियों और स्थानीय नागरिकों को योग, प्राणायाम और ध्यान की विभिन्न विधियों का प्रशिक्षण दिया जाएगा।

उद्घाटन अवसर पर कौशल किशोर साहू ने कहा कि वर्तमान समय की भागदौड़ भरी जीवनशैली में योग ही शरीर और मन को स्वस्थ रखने का सबसे सरल और प्रभावी माध्यम है। उन्होंने "करो योग रहो निरोग" का संदेश देते हुए सभी लोगों से नियमित योग अपनाने की अपील की। उन्होंने यह भी कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं बल्कि एक संपूर्ण जीवन पद्धति है, जो मानसिक शांति और शारीरिक संतुलन प्रदान करती है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता सरपंच रूपेश्वर यादव ने की। इस अवसर पर आयुष्मान आरोग्य मंदिर भांठागांव आर के आयुर्वेद अधिकारी डॉ. एस. पी. बंजारे ने बताया कि आज के समय में मोटापा, उच्च रक्तचाप, मधुमेह, थायराइड, वातरोग और मानसिक अवसाद जैसी बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि नियमित योग अभ्यास से इन सभी बीमारियों को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है।

शिविर में योग शिक्षक देवव्रत साहू, नीलकमल टंडन और प्रमोद ठाकुर ने प्रतिभागियों को विभिन्न आसनों, प्राणायाम और ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया। उन्होंने उपस्थित बच्चों और ग्रामीणों को सही तरीके से योग करने की तकनीक सिखाई तथा संतुलित आहार के महत्व पर भी प्रकाश डाला।

शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन और स्कूली बच्चे शामिल हुए। सभी प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक योग सत्र में भाग लिया और नियमित अभ्यास का संकल्प लिया। आयोजन का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना और लोगों को रोगमुक्त जीवन की ओर प्रेरित करना बताया गया।