केंद्रीय मंत्री तोखन साहू से महापौर अलका बाघमार की दिल्ली में सौजन्य भेंट, दुर्ग विकास पर हुई चर्चा
दुर्ग नगर निगम की महापौर अलका बाघमार ने दिल्ली में केंद्रीय आवास एवं शहरी विकास राज्य मंत्री तोखन साहू से मुलाकात की। बैठक में दुर्ग शहर के समग्र विकास, अधोसंरचना और केंद्र सरकार की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर सकारात्मक चर्चा हुई।
UNITED NEWS OF ASIA. रोहितास सिंह भुवाल, दुर्ग | दुर्ग नगर पालिक निगम की महापौर अलका बाघमार ने मंगलवार को दिल्ली में केंद्रीय आवास एवं शहरी विकास विभाग के राज्य मंत्री तोखन साहू से सौजन्य भेंट की। इस अवसर पर उनके साथ एमआईसी सदस्य देवनारायण चंद्राकर, ज्ञानेश्वर ताम्रकार, शेखर चंद्राकर, शशि साहू एवं पार्षद अजित वैद्य भी उपस्थित रहे।
भेंट के दौरान दुर्ग शहर के समग्र विकास, अधोसंरचना विस्तार, नगरीय सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण तथा केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक का माहौल आत्मीय एवं सकारात्मक रहा, जिसमें दुर्ग को एक आधुनिक एवं सुविधायुक्त शहर के रूप में विकसित करने पर जोर दिया गया।
केंद्रीय मंत्री तोखन साहू ने दुर्ग नगर निगम के लिए केंद्र सरकार द्वारा संचालित योजनाओं को राज्य सरकार की सहमति से शीघ्र कार्ययोजना बनाकर लागू करने हेतु सहमति प्रदान की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि केंद्र स्तर से आवश्यक सहयोग प्रदान करते हुए जल्द ही सकारात्मक पहल की जाएगी।
महापौर अलका बाघमार ने इस अवसर पर कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के आपसी समन्वय से दुर्ग शहर के विकास को नई गति और दिशा मिलेगी। इससे शहरवासियों को बेहतर नगरीय सुविधाओं का लाभ मिलेगा और विकास कार्यों में तेजी आएगी।
यह सौजन्य भेंट दुर्ग शहर के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण और सकारात्मक कदम मानी जा रही है, जिससे आने वाले समय में शहर के अधोसंरचना और नागरिक सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।