अंबाड़ा में अज्ञात वाहन की टक्कर से दो बाइक सवारों की मौके पर मौत, चालक फरार

नेपानगर के ग्राम अंबाड़ा में हाई स्कूल के पास अज्ञात वाहन की तेज रफ्तार टक्कर से दो बाइक सवारों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक फरार हो गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

Dec 14, 2025 - 11:30
 0  8
अंबाड़ा में अज्ञात वाहन की टक्कर से दो बाइक सवारों की मौके पर मौत, चालक फरार

 UNITED NEWS OF ASIA.महेश किंगे, नेपानगर। थाना नेपा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम अंबाड़ा में शनिवार 13 दिसंबर की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो बाइक सवार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा अंबाड़ा हाई स्कूल के पास उस समय हुआ, जब एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरते हुए काफी दूर तक घिसटते चले गए और मौके पर ही उनकी मृत्यु हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान नावथा निवासी प्रकाश सुपडू झोप (उम्र लगभग 60 वर्ष) और कालू नावड़े (उम्र लगभग 45 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों युवक मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी 68 एमएफ 0891 से हिंगना की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे ग्राम अंबाड़ा हाई स्कूल के समीप पहुंचे, उसी दौरान तेज गति से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया और मदद के लिए दौड़े, लेकिन तब तक वाहन चालक मौके से फरार हो चुका था। स्थानीय लोगों ने जब बाइक सवारों को उठाकर देखा तो दोनों की मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना तुरंत नेपा पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची।

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शवों को अपने कब्जे में लिया और पंचनामा कार्रवाई के बाद मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश में जुट गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि दुर्घटना करने वाले वाहन की पहचान की जा सके।

इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। ग्रामीणों और मृतकों के परिजनों ने सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और नियमित पुलिस गश्त की मांग की है। उनका कहना है कि इस मार्ग पर अक्सर तेज गति से वाहन चलते हैं, जिससे पहले भी दुर्घटनाएं हो चुकी हैं।

फिलहाल नेपा पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और फरार वाहन चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी के पास दुर्घटना से संबंधित कोई जानकारी हो तो वह पुलिस को सूचित करे, ताकि आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।