कबीरधाम को 166 करोड़ की सड़क और पुल-पुलिया परियोजनाओं की सौगात, 56 गांवों तक पहुंचेगी पक्की सड़क

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कबीरधाम जिले में 166 करोड़ रुपये की लागत से 55 सड़कों और 12 पुल-पुलियों के निर्माण का भूमिपूजन किया। इस परियोजना से 56 गांवों को पहली बार पक्की सड़क से जोड़ा जाएगा।

Apr 18, 2026 - 16:12
 0  2
कबीरधाम को 166 करोड़ की सड़क और पुल-पुलिया परियोजनाओं की सौगात, 56 गांवों तक पहुंचेगी पक्की सड़क

UNITED NEWS OF ASIA. सौरभ नामदेव, कवर्धा l  कबीरधाम जिले के विकास को नई गति देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने 166 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली 55 बारहमासी सड़कों और 12 वृहत पुल-पुलियों का भूमिपूजन किया। यह भूमिपूजन कार्यक्रम जशपुर के रणजीता स्टेडियम में आयोजित हुआ, जहां से मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (चतुर्थ चरण) और पीएम जनमन योजना के तहत इन निर्माण कार्यों की शुरुआत की। इस दौरान उप मुख्यमंत्री  विजय शर्मा भी उपस्थित रहे।

यह परियोजना जिले के लिए ऐतिहासिक मानी जा रही है, क्योंकि इसके तहत पहली बार 56 गांवों तक पक्की सड़क पहुंचाई जाएगी। इससे वनांचल क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी और शिक्षा, स्वास्थ्य, बाजार जैसी बुनियादी सेवाओं तक उनकी पहुंच आसान होगी।

मुख्यमंत्री श्री साय ने वर्चुअल माध्यम से कबीरधाम के पीजी कॉलेज डोम में आयोजित कार्यक्रम से जुड़कर जिलेवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि किसी भी क्षेत्र के विकास की नींव मजबूत सड़क व्यवस्था पर टिकी होती है। जब गांव बारहमासी सड़कों से जुड़ते हैं, तो विकास के नए द्वार खुलते हैं और लोगों के जीवन स्तर में सुधार आता है।

उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी को याद करते हुए कहा कि वर्ष 2000 में उन्होंने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की शुरुआत कर गांवों को जोड़ने की दूरदर्शी पहल की थी। आज उसी सोच को आगे बढ़ाते हुए सरकार ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों में सड़क और पुल-पुलियों के निर्माण को प्राथमिकता दे रही है।

उप मुख्यमंत्री  विजय शर्मा ने बताया कि प्रदेश में वर्तमान में 774 नई सड़कों का निर्माण किया जा रहा है, जिनकी कुल लंबाई 2427 किलोमीटर है। इसमें से कबीरधाम जिले में 121.76 किलोमीटर लंबाई की 55 सड़कें और 12 पुल-पुलिया शामिल हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कर निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए।

उन्होंने यह भी बताया कि पिछले दो वर्षों में 800 से अधिक सड़कों का निर्माण किया गया है, जिससे आदिवासी और विशेष पिछड़ी जनजाति क्षेत्रों को मुख्य मार्गों से जोड़ा गया है। इससे विकास कार्यों को गति मिली है और लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य सुविधाओं का लाभ मिलने लगा है।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष  ईश्वरी साहू, उपाध्यक्ष श्री कैलाश चंद्रवंशी, नगर पालिका अध्यक्ष  चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी, कलेक्टर  गोपाल वर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने इस परियोजना को जिले के समग्र विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

इस परियोजना के अंतर्गत बोड़ला, सहसपुर लोहारा और पंडरिया विकासखंड के विभिन्न मार्गों पर सड़क निर्माण किया जाएगा। इन सड़कों के बनने से दूरस्थ और वनांचल क्षेत्रों में कनेक्टिविटी मजबूत होगी, जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं का सीधा लाभ मिलेगा।

कुल मिलाकर, यह पहल कबीरधाम जिले के ग्रामीण विकास को नई दिशा देने वाली साबित होगी और आने वाले समय में क्षेत्र की तस्वीर बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।