कबीरधाम में गौ तस्करी पर बड़ी कार्रवाई, आरोपी गिरफ्तार, लाखों का माल जब्त
कबीरधाम पुलिस ने गौ तस्करी के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। बोलेरो पिकअप सहित 5.5 लाख रुपये का माल जब्त किया गया।
UNITED NEWS OF ASIA. सौरभ नामदेव, कवर्धा l कबीरधाम जिले में गौ तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया है। यह कार्रवाई थाना रेंगाखार क्षेत्र में की गई, जहां पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए न केवल आरोपी को पकड़ने में सफलता हासिल की, बल्कि बड़ी मात्रा में मवेशियों और वाहन को भी जब्त किया।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना 11 अप्रैल 2026 की रात की है। लोहारा की ओर से एक बोलेरो पिकअप वाहन (क्रमांक CG 50 ZF 6923) में चार मवेशियों को अवैध रूप से भरकर मध्य प्रदेश की ओर ले जाया जा रहा था। संदेह होने पर गौ सेवकों ने वाहन का पीछा किया, जिसके चलते चालक ने ग्राम सूपखार, थाना रेंगाखार के पास वाहन और मवेशियों को छोड़कर फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही कबीरधाम पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन सहित मवेशियों को अपने कब्जे में लिया। मौके से दो भैंसी, एक भैंस और एक बछड़ा बरामद किया गया, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 1,50,000 रुपये आंकी गई। इसके साथ ही बोलेरो पिकअप वाहन, जिसकी कीमत लगभग 4,00,000 रुपये बताई गई, को भी जब्त किया गया। इस प्रकार कुल 5,50,000 रुपये मूल्य का माल पुलिस ने बरामद किया।
इस मामले में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6 और 10 के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू की गई। विवेचना के दौरान पुलिस ने वाहन से संबंधित जानकारी प्राप्त करने के लिए बालाघाट (मध्य प्रदेश) के परिवहन विभाग से संपर्क किया। जांच के आधार पर आरोपी की पहचान शंकर सेंद्रे (31 वर्ष), निवासी मोहगांव थाना मलाजखंड, जिला बालाघाट के रूप में हुई।
पुलिस टीम ने 16 अप्रैल 2026 को आरोपी के गृह क्षेत्र पहुंचकर उसे हिरासत में लिया और थाना लाकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया। 17 अप्रैल 2026 को आरोपी को माननीय न्यायालय कवर्धा में रिमांड पर पेश किया गया।
यह संपूर्ण कार्रवाई पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के मार्गदर्शन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र बघेल एवं अमित पटेल तथा उप पुलिस अधीक्षक संजय ध्रुव के निर्देशन में की गई। थाना रेंगाखार प्रभारी बी.आर. बिसेन और उनकी टीम ने इस ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।
कबीरधाम पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके। इस कार्रवाई से जिले में अवैध पशु तस्करी पर अंकुश लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।