हर घर तिरंगा अभियान 2026: तिरंगा संगीत कार्यक्रम और वंदे मातरम् के सामूहिक गान से देशभक्ति के रंग में रंगा अमरवाड़ा महाविद्यालय

अमरवाड़ा के शासकीय स्नातक महाविद्यालय में हर घर तिरंगा अभियान 2026 के तहत तिरंगा संगीत कार्यक्रम और वंदे मातरम् के सामूहिक गान का आयोजन हुआ। विद्यार्थियों, प्राध्यापकों, एनसीसी कैडेट्स और एनएसएस स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। देशभक्ति गीतों और विचार गोष्ठी के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, तिरंगे के सम्मान और नागरिक कर्तव्यों का संदेश दिया गया।

Aug 11, 2026 - 12:49
 0  2
हर घर तिरंगा अभियान 2026: तिरंगा संगीत कार्यक्रम और वंदे मातरम् के सामूहिक गान से देशभक्ति के रंग में रंगा अमरवाड़ा महाविद्यालय

UNITED NEWS OF ASIA. यज्ञ राज पटेल, छिंदवाड़ा l हर घर तिरंगा अभियान 2026 के अंतर्गत शासकीय स्नातक महाविद्यालय, अमरवाड़ा में तिरंगा संगीत कार्यक्रम एवं राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गान का आयोजन उत्साह और राष्ट्रभक्ति के वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापकों, कर्मचारियों, एनसीसी कैडेट्स, एनएसएस स्वयंसेवकों और छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की। पूरे परिसर में देशभक्ति गीतों और भारत माता के जयकारों से उत्साह का माहौल बना रहा।

कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों और आमजन में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, देशभक्ति की भावना, राष्ट्रीय एकता और अखंडता के प्रति जागरूकता को मजबूत करना रहा। समारोह की शुरुआत उपस्थित सभी लोगों द्वारा सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ के गायन के साथ हुई। विद्यार्थियों और महाविद्यालय परिवार ने पूरे अनुशासन एवं गरिमा के साथ राष्ट्रीय गीत प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम में एनएसएस स्वयंसेवकों और एनसीसी कैडेट्स की विशेष भूमिका रही। उन्होंने कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालित करने के साथ अनुशासन बनाए रखने में सहयोग किया। उनके उत्साहपूर्ण नारों ने कार्यक्रम में देशभक्ति का जोश और बढ़ा दिया।

आयोजन के दौरान आयोजित विचार गोष्ठी में तिरंगे के महत्व, स्वतंत्रता संग्राम और देश के प्रति नागरिकों के दायित्वों पर वक्ताओं ने अपने विचार रखे। डॉ. विजय गुर्वे ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। उन्होंने युवाओं से राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान के साथ देश की प्रगति में अपना योगदान देने का आह्वान किया।

श्रीमती ज्योति सूर्यवंशी ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को स्मरण करने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने अधिकारों के साथ नागरिक कर्तव्यों का भी निष्ठापूर्वक पालन करने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।

कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत तिरंगा एवं राष्ट्रभक्ति आधारित सांस्कृतिक और संगीतमय प्रस्तुतियां रहीं। आरजू बी, दीपिका श्रीवास, अर्चना डेहरिया, सौरभ सोनी, हरीओम जावारे, अभिषेक ढाकरिया और सावित्री अहरवार ने देशभक्ति से ओत-प्रोत गीतों की प्रस्तुति दी। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों को उपस्थित लोगों ने सराहा और तालियों से उनका उत्साहवर्धन किया।

इस अवसर पर महाविद्यालय के वरिष्ठ प्राध्यापक अभिषेक कादरे, डॉ. सुमा पटेल, डॉ. सोनाली बोरकर, आशीष पहाड़े, खुशबु विश्वकर्मा एवं खुश्बू अख्तर सहित महाविद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे। प्राध्यापकों ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उन्हें शिक्षा के साथ राष्ट्र सेवा और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर उपस्थित नागरिकों, शिक्षकों और विद्यार्थियों को हर घर तिरंगा अभियान के तहत अपने-अपने घरों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने तथा देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता को बनाए रखने का संकल्प दिलाया गया। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने के साथ हर घर तिरंगा अभियान के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का काम किया।