पूर्वोत्तर चेम्बर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधिमंडल का रायपुर आगमन, बिजनेस कनेक्ट कार्यक्रम में व्यापारिक संभावनाओं पर होगी चर्चा

पूर्वोत्तर चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड कम्यूनिटी का प्रतिनिधिमंडल बिजनेस कनेक्ट कार्यक्रम में शामिल होने रायपुर पहुंचा। स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया गया। 11 अगस्त को होटल बेबीलोन इंटरनेशनल में आयोजित होने वाले बिजनेस कनेक्ट में B2B मीटिंग्स, बिजनेस नेटवर्किंग और मार्केट एक्सचेंज के माध्यम से छत्तीसगढ़ और पूर्वोत्तर राज्यों के बीच व्यापारिक संबंधों को मजबूत करने पर चर्चा होगी।

Aug 11, 2026 - 12:44
 0  2
पूर्वोत्तर चेम्बर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधिमंडल का रायपुर आगमन, बिजनेस कनेक्ट कार्यक्रम में व्यापारिक संभावनाओं पर होगी चर्चा

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज एवं पूर्वोत्तर चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड कम्यूनिटी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने जा रहे बिजनेस कनेक्ट कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पूर्वोत्तर चेम्बर ऑफ कॉमर्स का प्रतिनिधिमंडल रायपुर पहुंचा। स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल का आत्मीय स्वागत किया गया। चेम्बर पदाधिकारियों ने अतिथियों को पुष्पगुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया।

प्रतिनिधिमंडल में PCCC दिल्ली NCR के चेयरमैन अजय खेमानी, वाइस चेयरमैन सुशील अग्रवाल, अध्यक्ष राजेश सोनी तथा कार्यकारी सदस्य एवं स्टार सीमेंट निर्माता पंकज केजरीवाल प्रमुख रूप से शामिल रहे। इसके अलावा बीकानेरवाला, रेक्सिन एवं ग्रेनाइट व्यवसाय से जुड़े नवरतन अग्रवाल, मोटिवेशनल स्पीकर एवं एग्रीकल्चर ड्रोन निर्माता डॉ. शंकर गोयनका, स्टील प्लांट उद्योगपति उदय चौधरी, फंडिंग एवं बिजनेस डेवलपमेंट विशेषज्ञ सारंग अग्रवाल, ट्रैवल्स एवं फाइनेंस विशेषज्ञ सीए उमेद कुमार जैन, CSA ग्रुप के संतोष मित्तल, रियल एस्टेट क्षेत्र से विजय अग्रवाल एवं गोपाल अग्रवाल, कॉरपोरेट गिफ्ट व्यवसायी पंकज अग्रवाल तथा IT सेक्टर से लोकेश खेतान भी रायपुर पहुंचे हैं।

छत्तीसगढ़ के व्यापार एवं उद्योगों को पूर्वोत्तर राज्यों तक विस्तार देने तथा दोनों क्षेत्रों के व्यापारियों और उद्योगपतियों के बीच नए कारोबारी अवसर विकसित करने के उद्देश्य से 11 अगस्त को बिजनेस कनेक्ट का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम मंगलवार को सुबह 10:30 बजे से होटल बेबीलोन इंटरनेशनल, वीआईपी रोड, रायपुर में आयोजित होगा।

कार्यक्रम में B2B मीटिंग्स, बिजनेस नेटवर्किंग और मार्केट एक्सचेंज को लेकर विस्तृत चर्चा की जाएगी। इसके माध्यम से दोनों क्षेत्रों के व्यापारियों को एक-दूसरे के बाजार, उत्पादों, निवेश की संभावनाओं और व्यापार विस्तार के अवसरों को समझने का मंच मिलेगा।

चेम्बर प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी ने कहा कि बिजनेस कनेक्ट छत्तीसगढ़ और पूर्वोत्तर राज्यों के बीच व्यापारिक संबंधों को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इस आयोजन के माध्यम से दोनों क्षेत्रों के व्यापारियों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों को सीधे संवाद का अवसर मिलेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि कार्यक्रम से व्यापार और उद्योग के क्षेत्र में नए संपर्क एवं कारोबारी अवसर विकसित होंगे।

कार्यक्रम की तैयारियों और प्रतिनिधिमंडल के स्वागत के अवसर पर चेम्बर प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी, कोषाध्यक्ष निकेश बरड़िया, कार्यकारी अध्यक्ष राधाकिशन सुंदरानी एवं जसप्रीत सिंह सलूजा, कार्यकारी महामंत्री विकास आहूजा, उपाध्यक्ष लोकेश चंद्रकांत जैन, दिलीप इसरानी, सुदेश मध्यान, जितेंद्र बड़वानी, जितेंद्र शादीजा, मनीष प्रजापति, राजेश गुरनानी तथा मंत्री जनक वाधवानी और जतिन नचरानी सहित चेम्बर के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

चेम्बर के प्रदेश महामंत्री अजय भसीन ने बताया कि बिजनेस कनेक्ट के माध्यम से छत्तीसगढ़ के व्यापार एवं उद्योगों को पूर्वोत्तर राज्यों के बाजार से जोड़ने की दिशा में प्रयास किया जा रहा है। कार्यक्रम में होने वाली B2B बैठकों और नेटवर्किंग से व्यापारियों को नए कारोबारी संपर्क बनाने का अवसर मिलेगा।

चेम्बर का कहना है कि छत्तीसगढ़ और पूर्वोत्तर राज्यों के बीच व्यापारिक संभावनाओं को बढ़ाने के लिए इस तरह के संवाद और व्यावसायिक आयोजनों की महत्वपूर्ण भूमिका है। बिजनेस कनेक्ट से दोनों क्षेत्रों के व्यापारियों के बीच सहयोग और कारोबारी साझेदारी के नए रास्ते खुलने की उम्मीद है।