एम्स रायपुर में गंभीर बीमारी से जूझ रही बालिका का सफल उपचार, स्वास्थ्य में 80 प्रतिशत सुधार

छत्तीसगढ़ राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष वर्णिका शर्मा की पहल और दंतेवाड़ा जिला प्रशासन के सहयोग से गंभीर बीमारी से जूझ रही एक बालिका को एम्स रायपुर में विशेषज्ञ उपचार मिला। बहुविषयक चिकित्सा टीम के प्रयासों से उसके स्वास्थ्य में लगभग 80 प्रतिशत सुधार हुआ है।

Aug 13, 2026 - 15:47
 0  3
एम्स रायपुर में गंभीर बीमारी से जूझ रही बालिका का सफल उपचार, स्वास्थ्य में 80 प्रतिशत सुधार

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l छत्तीसगढ़ राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष वर्णिका शर्मा की पहल और निरंतर प्रयासों से गंभीर बीमारी से जूझ रही एक बालिका के जीवन में नई उम्मीद जगी है। दंतेवाड़ा की इस बालिका को बेहतर उपचार के लिए एम्स रायपुर में भर्ती कराया गया, जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उपचार के बाद उसके स्वास्थ्य में लगभग 80 प्रतिशत सुधार हुआ है।

बालिका की गंभीर स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी मिलने के बाद वर्णिका शर्मा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उसके बेहतर उपचार और आवश्यक देखभाल के लिए पहल की। उन्होंने दंतेवाड़ा कलेक्टर से चर्चा कर बालिका के उपचार, देखभाल और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का आग्रह किया।

आयोग की पहल के बाद दंतेवाड़ा जिला प्रशासन ने बालिका की देखभाल और उपचार से जुड़े कार्यों के लिए संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी। जिला प्रशासन ने संवेदनशीलता के साथ आवश्यक समन्वय करते हुए बालिका को विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में सहयोग किया।

इसके बाद बालिका के उपचार की व्यवस्था एम्स रायपुर में सुनिश्चित की गई। एम्स के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति का विस्तृत मूल्यांकन कर आवश्यक जांच और उपचार शुरू किया। त्वचा रोग विभाग के विभागाध्यक्ष सत्यकी गांगुली, नम्रता छाबड़ा सहित बहुविषयक चिकित्सा टीम ने बालिका की स्थिति को देखते हुए चरणबद्ध उपचार योजना तैयार की।

उपचार के दौरान केवल त्वचा संबंधी समस्याओं पर ही ध्यान नहीं दिया गया, बल्कि बालिका के समग्र स्वास्थ्य, पोषण, संक्रमण की रोकथाम और अन्य आवश्यक चिकित्सकीय पहलुओं की भी लगातार निगरानी की गई। विशेषज्ञ चिकित्सकों और चिकित्सा टीम के निरंतर प्रयासों से बालिका की स्थिति में सकारात्मक बदलाव देखने को मिला।

वर्तमान में उसके स्वास्थ्य में लगभग 80 प्रतिशत सुधार बताया गया है। इस सुधार से बालिका के परिजनों और उसकी देखभाल से जुड़े लोगों में खुशी और राहत का माहौल है। उपचार प्रक्रिया में एम्स रायपुर के चिकित्सकों और बहुविषयक टीम के प्रयासों के साथ दंतेवाड़ा जिला प्रशासन के सहयोग को भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

वर्णिका शर्मा लगातार बालिका के स्वास्थ्य की प्रगति की जानकारी लेती रहीं और चिकित्सकों एवं संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय बनाए रखा। उनका उद्देश्य था कि बालिका को समय पर बेहतर उपचार, पोषण और आवश्यक देखभाल उपलब्ध हो तथा वह स्वस्थ होकर सामान्य जीवन की ओर लौट सके।

वर्णिका शर्मा ने कहा कि हर बच्चे को बेहतर स्वास्थ्य, सुरक्षा और सम्मान के साथ जीवन जीने का अधिकार है। उन्होंने बालिका के उपचार में एम्स के चिकित्सकों के समर्पण और प्रयासों की सराहना की। साथ ही दंतेवाड़ा कलेक्टर और जिला प्रशासन द्वारा बालिका की देखभाल के लिए की गई व्यवस्थाओं और सहयोग की भी प्रशंसा की।

उन्होंने कहा कि बालिका के स्वास्थ्य में 80 प्रतिशत सुधार संतोषजनक और उत्साहजनक है। प्रयास रहेगा कि वह पूरी तरह स्वस्थ होकर सामान्य जीवन की ओर लौटे। इस मामले में संवेदनशील पहल, विशेषज्ञ चिकित्सा, प्रशासनिक सहयोग और निरंतर निगरानी के माध्यम से बालिका को बेहतर स्वास्थ्य की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर मिला है।