वनांचल क्षेत्र में कबीरधाम पुलिस की पहल: अस्थायी प्राथमिक स्कूल व शिक्षण संस्थानों में फहराया गया तिरंगा

गणतंत्र दिवस के अवसर पर कबीरधाम जिले के वनांचल क्षेत्रों में पुलिस द्वारा संचालित अस्थायी प्राथमिक स्कूल बंदूकुंदा सहित स्कूलों व कोचिंग सेंटरों में तिरंगा फहराया गया। सामुदायिक पुलिसिंग के माध्यम से शिक्षा, सुरक्षा और विश्वास को मजबूती मिली।

Jan 28, 2026 - 17:24
 0  8
वनांचल क्षेत्र में कबीरधाम पुलिस की पहल: अस्थायी प्राथमिक स्कूल व शिक्षण संस्थानों में फहराया गया तिरंगा

UNITED NEWS OF ASIA. कबीरधाम | जिले के वनांचल क्षेत्रों में 77वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास, देशभक्ति और सामाजिक सहभागिता के साथ मनाया गया। शहरों के साथ-साथ दूरस्थ आदिवासी एवं वनांचल अंचलों में भी राष्ट्रीय पर्व पूरे उत्साह से आयोजित किया गया। इस अवसर पर कबीरधाम पुलिस द्वारा संचालित अस्थायी प्राथमिक स्कूल बंदूकुंदा एवं अन्य स्कूलों और कोचिंग सेंटरों में तिरंगा ध्वज फहराया गया, जिससे क्षेत्र में देशप्रेम और संविधान के प्रति आस्था का संदेश गया।

पुलिस अधीक्षक धमेन्द्र सिंह के निर्देशानुसार तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र सिंह बघेल एवं अमित पटेल के मार्गदर्शन में झलमला थाना क्षेत्र के ग्राम बंदूकुंदा स्थित अस्थायी स्कूल परिसर में ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह विद्यालय पुलिस विभाग द्वारा सामुदायिक पुलिसिंग के अंतर्गत संचालित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य वनांचल क्षेत्र के बच्चों को शिक्षा से जोड़ना और उन्हें मुख्यधारा में लाना है।

ध्वजारोहण के पश्चात राष्ट्रगान गाया गया और उपस्थित पुलिस अधिकारियों ने बच्चों, ग्रामीणों एवं जनसमुदाय को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएँ दीं। कार्यक्रम के दौरान संविधान के मूल्यों, शिक्षा के महत्व और राष्ट्र निर्माण में नागरिकों की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई। बच्चों ने देशभक्ति गीत, कविता पाठ एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ देकर सभी का मन मोह लिया। इस अवसर पर बच्चों को मिठाई वितरित कर उनका उत्साहवर्धन भी किया गया।

एसडीओपी नक्सल  कृष्णा चंद्राकर ने जानकारी देते हुए बताया कि बंदूकुंदा एवं आसपास का क्षेत्र पूर्व में नक्सल प्रभावित रहा है, लेकिन पुलिस विभाग की निरंतर सक्रियता, जनसंपर्क और सामुदायिक पुलिसिंग की सकारात्मक पहल से अब क्षेत्र में शांति और विश्वास का वातावरण बना है। पुलिस और ग्रामीणों के बीच बढ़ता सहयोग विकास की दिशा में एक मजबूत कदम साबित हो रहा है।

ग्रामीणों ने पुलिस विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रयासों से बच्चों का भविष्य उज्ज्वल हो रहा है और क्षेत्र में शिक्षा व सुरक्षा दोनों को मजबूती मिल रही है। गणतंत्र दिवस के अवसर पर सभी ने देश की एकता, अखंडता और संविधान के प्रति अपनी निष्ठा दोहराई तथा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास में सहभागी बनने का संकल्प लिया।