दीपावली महोत्सव पर 8 नवंबर को कवर्धा पहुंचेंगे शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद, रणवीरपुर से निकलेगी भव्य बाइक रैली

जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती छत्तीसगढ़ के छह दिवसीय दीपावली महोत्सव प्रवास पर हैं। आठ नवंबर को वे सपाद लक्षेश्वर धाम से रणवीरपुर, सिल्हाटी और सहसपुर लोहारा होते हुए कवर्धा पहुंचेंगे। रणवीरपुर में भव्य बाइक रैली के साथ उनका स्वागत किया जाएगा। कवर्धा में पादुका पूजन, धर्म ध्वज स्थापना, महाकाली जन्मोत्सव और महालक्ष्मी पूजन सहित कई धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।

Nov 5, 2026 - 18:17
 0  2
दीपावली महोत्सव पर 8 नवंबर को कवर्धा पहुंचेंगे शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद, रणवीरपुर से निकलेगी भव्य बाइक रैली

UNITED NEWS OF ASIA. सौरभ नामदेव, कवर्धा l दीपावली महोत्सव के अवसर पर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती का छत्तीसगढ़ प्रवास श्रद्धालुओं के लिए विशेष धार्मिक आयोजन लेकर आया है। छह दिवसीय प्रवास के दौरान वे रायपुर, बिलासपुर, सिमगा, बेमेतरा और कबीरधाम सहित विभिन्न स्थानों पर भक्तों को दर्शन और आशीर्वाद देंगे। आठ नवंबर को शंकराचार्य जी का कवर्धा आगमन होगा। इस अवसर पर रणवीरपुर से कवर्धा तक भव्य स्वागत की तैयारियां की गई हैं।

बिलासपुर से शुरू हुआ धार्मिक प्रवास

प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, शंकराचार्य जी महाराज पांच नवंबर को रायपुर पहुंचे, जहां से वे बिलासपुर के लिए रवाना हुए। बिलासपुर के चिचिरदा स्थित ब्रह्मलीन द्विपीठाधीश्वर शंकराचार्य के कृपापात्र शिष्य हरीश शाह के फार्म हाउस ‘कुंज कुटीर’ में उनका प्रवास निर्धारित है। यहां उनके आगमन पर स्वागत किया गया और धनतेरस पूजन का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

7 नवंबर को सपाद लक्षेश्वर धाम में दर्शन

सात नवंबर को सुबह नौ बजे शंकराचार्य जी बिलासपुर के चिचिरदा से सिमगा स्थित सपाद लक्षेश्वर धाम, शंकराचार्य आश्रम ग्राम सलधा के लिए प्रस्थान करेंगे। यहां दंडी स्वामी ज्योतिर्मयानंद द्वारा पादुका पूजन किया जाएगा। इस दौरान श्रद्धालुओं को शंकराचार्य जी के दर्शन और आशीर्वाद प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।

रणवीरपुर में बाइक रैली से होगा स्वागत

आठ नवंबर को सुबह नौ बजे शंकराचार्य जी महाराज सपाद लक्षेश्वर धाम से देवरबीजा और थान खम्हरिया होते हुए रणवीरपुर पहुंचेंगे। यहां भक्तों द्वारा भव्य बाइक रैली के साथ उनका स्वागत किया जाएगा। इसके बाद उनका काफिला सिल्हाटी, सहसपुर लोहारा और ओड़िया होते हुए कवर्धा पहुंचेगा।

कवर्धा में शंकराचार्य जी के मीडिया प्रभारी अशोक साहू के निवास पर पादुका पूजन का आयोजन होगा। इसके बाद विशाला धर्म ध्वज चौक में नवीन धर्म ध्वज स्थापित किया जाएगा। यहां से वे ज्योतिर्मठ के सीईओ चंद्रप्रकाश उपाध्याय के निवास पहुंचेंगे, जहां उपाध्याय परिवार द्वारा उनका स्वागत किया जाएगा। इस दौरान श्रद्धालु उनके दर्शन कर सकेंगे।

महाकाली जन्मोत्सव और महालक्ष्मी पूजन का आयोजन

आठ नवंबर को शाम छह बजे से लक्ष्मी पूजन शुरू होगा। रात्रि ग्यारह बजकर पैंतालीस मिनट पर शंकराचार्य जी काली मंदिर के लिए प्रस्थान करेंगे, जहां महाकाली जन्मोत्सव के अवसर पर विशेष पूजा-अर्चना करेंगे। रात्रि बारह बजकर पंद्रह मिनट पर वे शांतिदीप कॉलोनी स्थित शंकरा भवन लौटेंगे। यहां पूरी रात महालक्ष्मी पूजन और अभिषेक का कार्यक्रम आयोजित होगा। श्रद्धालुओं को इस धार्मिक अनुष्ठान के दर्शन का अवसर मिलेगा।

9 नवंबर को गौपूजन और गोवर्धन पूजा में होंगे शामिल

नौ नवंबर को सुबह नौ बजे शंकराचार्य जी चरडोंगरी स्थित यदुनाथ गौशाला पहुंचकर गौपूजन करेंगे। इसके बाद ग्राम टाटीकसा में आयोजित गोवर्धन पूजा के धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होंगे। कार्यक्रम के बाद उनका पुनः कवर्धा आगमन होगा और शांतिदीप कॉलोनी स्थित शंकरा भवनम् में प्रवास रहेगा।

शंकराचार्य जी के मीडिया प्रभारी अशोक साहू ने बताया कि पूज्यपाद जगद्गुरु स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी दीपावली महोत्सव मनाने छत्तीसगढ़ पहुंचे हैं। उनके आगमन से क्षेत्र के श्रद्धालुओं और धर्मप्रेमियों में उत्साह का माहौल है। उन्होंने सभी धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर दर्शन, पूजन और आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।