धमतरी में अवैध कारोबार पर पुलिस का शिकंजा, 1.46 लाख के पटाखे और अवैध शराब जब्त; तीन आरोपी गिरफ्तार

धमतरी जिले में त्योहारी सीजन के दौरान अवैध पटाखों के भंडारण और शराब बिक्री के खिलाफ पुलिस ने तीन थाना क्षेत्रों में कार्रवाई की। नगरी और मगरलोड में बिना लाइसेंस रखे करीब एक लाख 46 हजार पांच सौ रुपये के पटाखे जब्त किए गए। वहीं बिरेझर चौकी क्षेत्र में अवैध रूप से देसी शराब बेचते एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया। तीनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम और आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।

Nov 5, 2026 - 17:57
 0  16
धमतरी में अवैध कारोबार पर पुलिस का शिकंजा, 1.46 लाख के पटाखे और अवैध शराब जब्त; तीन आरोपी गिरफ्तार

UNITED NEWS OF ASIA. रिजवान मेमन, धमतरी l त्योहारी सीजन में आम नागरिकों की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए धमतरी पुलिस ने अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में नगरी, मगरलोड और बिरेझर चौकी क्षेत्र में एक साथ दबिश देकर तीन आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई। इस दौरान बिना वैध लाइसेंस के भंडारित करीब एक लाख छियालीस हजार पांच सौ रुपये मूल्य के पटाखे और अवैध शराब जब्त की गई।

पुलिस के अनुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं संबंधित अनुविभागीय अधिकारियों के मार्गदर्शन में यह अभियान चलाया गया। कार्रवाई का उद्देश्य बिना लाइसेंस पटाखों के भंडारण और बिक्री तथा अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाना है।

नगरी में एक लाख तीस हजार रुपये के पटाखे जब्त

पहली कार्रवाई थाना नगरी क्षेत्र के ग्राम फरसिया में की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव में एक घर के भीतर संचालित दुकान में बिना वैध लाइसेंस के पटाखों का भंडारण और विक्रय किया जा रहा है। निरीक्षक उमेश पाटिल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। तलाशी के दौरान उदित नारायण सिन्हा, निवासी फरसिया के कब्जे से विभिन्न कंपनियों के करीब एक लाख तीस हजार रुपये मूल्य के पटाखे बरामद किए गए।

पुलिस ने पटाखों को जब्त कर आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 82/2026 के तहत विस्फोटक अधिनियम 1884 की धारा 9(ख) में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की है।

मगरलोड में बेकरी और किराना दुकान से पटाखे बरामद

दूसरी कार्रवाई थाना मगरलोड क्षेत्र में भरदा मार्ग स्थित बेकरी भंडार एवं किराना स्टोर्स में की गई। पुलिस टीम ने यहां दबिश देकर भानूप्रताप साहू, उम्र छत्तीस वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक तीन मगरलोड के कब्जे से एक कार्टून में रखे विभिन्न कंपनियों के पटाखे बरामद किए। जब्त पटाखों की कीमत करीब सोलह हजार पांच सौ रुपये बताई गई है।

इस मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 221/2026 के तहत विस्फोटक अधिनियम 1884 की धारा 9(ख) में वैधानिक कार्रवाई की है।

बिरेझर में अवैध शराब बेचते युवक गिरफ्तार

तीसरी कार्रवाई चौकी बिरेझर क्षेत्र के ग्राम कंचना नाला पुल के पास की गई। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर प्रेम कुमार चतुर्वेदी, उम्र बीस वर्ष, निवासी कंचना को कथित रूप से अवैध देसी शराब बेचते हुए पकड़ा। उसके कब्जे से देसी शराब के ग्यारह पौवा, जिनकी कीमत एक हजार एक सौ रुपये बताई गई है, तथा बिक्री की रकम एक सौ पचास रुपये जब्त की गई। कुल जब्त संपत्ति की कीमत एक हजार दो सौ पचास रुपये है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 375/2026 के तहत आबकारी एक्ट की धारा 34(1)(ख) में मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है।

पुलिस ने नागरिकों से की अपील

धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि बिना वैध लाइसेंस के पटाखों या अन्य विस्फोटक सामग्री का भंडारण और क्रय-विक्रय न करें। अवैध शराब अथवा अन्य गैरकानूनी गतिविधियों की जानकारी मिलने पर तत्काल नजदीकी थाने या पुलिस को सूचना दें। पुलिस ने सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखने की बात कही है।

पुलिस के अनुसार त्योहारी सीजन में आमजन की सुरक्षा, शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी जारी रहेगी। अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।