शहीद वीर नारायण सिंह की प्रतिमा का अनावरण, सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने दावनबोड़ को दी 50 लाख से अधिक के विकास कार्यों की सौगात
रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर भाटापारा विकासखंड के ग्राम दावनबोड़ में शहीद वीर नारायण सिंह की आदमकद प्रतिमा का अनावरण किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में 50 लाख रुपये से अधिक के विभिन्न विकास कार्यों की स्वीकृति दी। उन्होंने आदिवासी महानायकों के त्याग और बलिदान से प्रेरणा लेने का आह्वान किया तथा गांव में शराबबंदी के लिए काम करने वाली महिला कमांडो की सराहना की।
UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l विश्व आदिवासी दिवस के उपलक्ष्य में ग्राम दावनबोड़ में आयोजित कार्यक्रम में रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने छत्तीसगढ़ के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम सेनानी अमर शहीद वीर नारायण सिंह की आदमकद प्रतिमा का अनावरण किया। सांसद के गांव पहुंचने पर क्षेत्रवासियों ने आत्मीय स्वागत किया। इस अवसर पर आयोजित जनसभा में बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, पंच और सरपंच मौजूद रहे।
जनसभा को संबोधित करते हुए बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि शहीद वीर नारायण सिंह, भगवान बिरसा मुंडा और रानी दुर्गावती जैसे महानायकों ने जल, जंगल, जमीन और देश की अस्मिता की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया। उन्होंने कहा कि अकाल के कठिन दौर में गरीबों की मदद के लिए अंग्रेजों के अनाज गोदाम खोलने वाले वीर नारायण सिंह का त्याग और बलिदान हमेशा समाज को प्रेरणा देता रहेगा। उन्होंने नई पीढ़ी से इन महान आदिवासी नायकों के जीवन और संघर्ष से प्रेरणा लेकर देश और समाज की सेवा करने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों की मांगों पर सांसद ने तत्काल पहल करते हुए 50 लाख रुपये से अधिक के विभिन्न विकास कार्यों की स्वीकृति की घोषणा की। ग्राम दावनबोड़ में सामुदायिक भवन और मंच निर्माण के लिए 10 लाख रुपये तथा सीसी सड़क निर्माण के लिए 5 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई। कोड़िया के हायर सेकेंडरी स्कूल में विद्यार्थियों की सुविधा के लिए शेड निर्माण हेतु 10 लाख रुपये तथा ग्राम हीरनभट्टा के स्कूल में प्रार्थना शेड और अन्य निर्माण कार्यों के लिए 10 लाख रुपये मंजूर किए गए।
इसी तरह ग्राम जामडीह में महामाया मंदिर परिसर में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 5 लाख रुपये, ग्राम मोभट्टा में मुक्तिधाम शेड और आवश्यक निर्माण कार्यों के लिए 5 लाख रुपये तथा ग्राम रोहला में सीसी रोड निर्माण के लिए 5 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई। मुड़पार चौक पर मंच और शेड निर्माण के लिए भी राशि स्वीकृत करने की घोषणा की गई। इन विकास कार्यों से ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार और सार्वजनिक स्थलों के विकास को गति मिलने की उम्मीद है।
इस दौरान बृजमोहन अग्रवाल ने गांव में अवैध शराब की बिक्री पर रोक लगाने के लिए सक्रिय महिला कमांडो के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने महिला कमांडो के साहस और सामाजिक पहल की प्रशंसा करते हुए साड़ी के लिए 20 हजार रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से सामाजिक बुराइयों के खिलाफ मजबूत अभियान चलाया जा सकता है।
सांसद ने सरकार की किसान और महिला हितैषी योजनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी के सपनों का छत्तीसगढ़ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने किसानों को 3100 रुपये प्रति क्विंटल धान का मूल्य मिलने और महतारी वंदन योजना के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक सहायता मिलने को सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों का उदाहरण बताया।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा, जिला भाजपा अध्यक्ष आनंद यादव, गोविंद वर्मा, शशि आनंद बंजारे, गोपाल शुक्ला, सीता शशिकांत, नारायण साहू, भंवर सिंह मुईके और वेदराम साहू सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।