आदिवासी समाज ही जल, जंगल और जमीन का सच्चा रक्षक: सांसद बृजमोहन अग्रवाल, 15 लाख के विकास कार्यों की घोषणा

रायपुर लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ग्राम ढाबाडीह स्थित लक्ष्मणा धाम में आयोजित विश्व आदिवासी परब तिहार में शामिल हुए। उन्होंने आदिवासी समाज को जल, जंगल और जमीन का सच्चा रक्षक बताते हुए जल संरक्षण और वृक्षारोपण का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने क्षेत्रीय विकास के लिए कुल 15 लाख रुपये के विभिन्न निर्माण कार्यों की घोषणा की।

Aug 27, 2026 - 08:02
 0  2
आदिवासी समाज ही जल, जंगल और जमीन का सच्चा रक्षक: सांसद बृजमोहन अग्रवाल, 15 लाख के विकास कार्यों की घोषणा

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l आदिवासी गोंड समाज मावली महासभा सिंगारपुर द्वारा ग्राम ढाबाडीह स्थित लक्ष्मणा धाम में विश्व आदिवासी परब तिहार का भव्य आयोजन किया गया। बुधवार को आयोजित इस कार्यक्रम में रायपुर लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। समारोह की शुरुआत समाज के आराध्य बूढ़ा देव और मावली माता के पूजन के साथ हुई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, युवा और महिलाएं शामिल हुईं।

समारोह को संबोधित करते हुए बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ के बस्तर, सरगुजा सहित पूरे प्रदेश में जल, जंगल और जमीन के संरक्षण में आदिवासी समाज की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज प्रकृति का केवल उपयोग करने वाला समुदाय नहीं है, बल्कि वह प्रकृति की पूजा करने के साथ उसकी रक्षा भी करता है। पीढ़ियों से आदिवासी समाज ने जंगल, जलस्रोत और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण की परंपरा को आगे बढ़ाया है।

उन्होंने जंगलों की अंधाधुंध कटाई और पानी के बढ़ते दुरुपयोग पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों के अत्यधिक दोहन का असर मौसम और पर्यावरण पर दिखाई दे रहा है। पहले जहां करीब 50 फीट की गहराई पर पानी उपलब्ध हो जाता था, वहीं आज कई स्थानों पर 500 से 1000 फीट नीचे जाने के बाद भी जल संकट बना हुआ है। उन्होंने लोगों से जल संरक्षण को जनअभियान बनाने, सोख्ता गड्ढों का निर्माण करने और अधिक से अधिक संख्या में पौधे लगाने का संकल्प लेने की अपील की।

बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में आदिवासी समाज के गौरव, सम्मान और कल्याण को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत हुई है। वहीं छत्तीसगढ़ में शहीद वीर नारायण सिंह की जयंती मनाने की शुरुआत पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के कार्यकाल में हुई थी।

उन्होंने सरकार की विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि किसानों को 3100 रुपये प्रति क्विंटल धान का मूल्य दिया जा रहा है। महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं को प्रतिमाह 1000 रुपये की सहायता मिल रही है और हर घर नल से जल योजना के माध्यम से घरों तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं से ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों में लोगों को सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में काम हो रहा है।

कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रीय विकास को गति देने के लिए सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कुल 15 लाख रुपये के विकास कार्यों की घोषणा की। ग्राम ढाबाडीह में सीसी रोड निर्माण के लिए 5 लाख रुपये और खेल मैदान के समतलीकरण के लिए 5 लाख रुपये स्वीकृत किए गए। इसके अलावा पास के ग्राम धोलाभाटा में 500 मीटर सड़क निर्माण के लिए 5 लाख रुपये की राशि देने की घोषणा की गई। इन कार्यों से स्थानीय लोगों को आवागमन और सार्वजनिक सुविधाओं में लाभ मिलने की उम्मीद है।

कार्यक्रम में शिवरतन शर्मा, जिला भाजपा अध्यक्ष आनंद यादव, तिरुमाल बंसुलाल नेताम, गोपाल, तेज सिंह मंडावी, कुलपत छैतैया, समय लाल नेताम, नारद मरकाम, महान सिंह नेताम, तुलसीराम नेताम, विश्राम ध्रुव और नारायण साहू सहित मावली महासभा के पदाधिकारी, पंच सरपंच, युवा तथा बड़ी संख्या में माताएं और बहनें मौजूद रहीं।