इंस्पायर अवार्ड मानक और राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस को लेकर जिला शिक्षा अधिकारी ने दिए दिशा-निर्देश
कवर्धा में जिला शिक्षा अधिकारी एफ.आर. वर्मा की अध्यक्षता में संकुल प्राचार्यों, शैक्षिक समन्वयकों और विज्ञान शिक्षकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में इंस्पायर अवार्ड मानक, 32वीं राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस, शिक्षा गुणवत्ता, छात्रवृत्ति, शैक्षिक योजनाओं और विद्यालय सुरक्षा से जुड़े कार्यों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
UNITED NEWS OF ASIA. स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल, रानी दुर्गावती चौक, कवर्धा के सभागार में 13 अगस्त को जिला शिक्षा अधिकारी एफ.आर. वर्मा की अध्यक्षता में जिले के 350 से अधिक संकुल प्राचार्यों, संकुल शैक्षिक समन्वयकों एवं विज्ञान शिक्षकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में इंस्पायर अवार्ड मानक एवं 32वीं राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस के संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। इस दौरान जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय से सहायक संचालक यू.आर. चन्द्राकर, एम.के. गुप्ता, एमआईएस प्रशासक सतीश कुमार यदु तथा विकासखंड स्तरीय इंस्पायर अवार्ड मानक के नोडल अधिकारी उपस्थित रहे।
जिला शिक्षा अधिकारी एफ.आर. वर्मा ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप राज्य स्तर से जारी शैक्षिक कैलेंडर के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया। उन्होंने मूलभूत, प्रारंभिक, माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक स्तर पर विषयवार और कालखंडवार गतिविधियों के सफल संचालन के निर्देश दिए। आगामी त्रैमासिक एवं अर्धवार्षिक परीक्षाओं की तैयारी, कार्ययोजना और शिक्षा गुणवत्ता में सुधार से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में निःशुल्क सरस्वती साइकिल, गणवेश एवं पाठ्य-पुस्तकों के वितरण, पोर्टल पर ऑनलाइन प्रविष्टि, अपार आईडी, आधार, जाति, आय एवं निवास प्रमाण-पत्र तथा छात्रवृत्ति से संबंधित कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। जिला शिक्षा अधिकारी ने सभी प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक विद्यालयों में शत-प्रतिशत किचन गार्डन विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने आलू, प्याज, जिमीकंद और शकरकंद जैसे कंद-मूल के साथ मुनगा एवं कटहल जैसे फलदार पौधों के रोपण पर विशेष जोर दिया। इसके साथ ही प्राथमिक कक्षाओं में पहाड़ा, बारहखड़ी, सुलेख, अनुलेखन और श्रुतलेखन का नियमित अभ्यास कराने के निर्देश दिए गए।
मुख्यमंत्री शाला सुरक्षा अभियान के अंतर्गत प्रत्येक विद्यालय में समिति का गठन करने और निर्देशानुसार पॉक्सो बॉक्स की अनिवार्य स्थापना सुनिश्चित करने को कहा गया। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों से संबंधित शारीरिक या मानसिक उत्पीड़न की शिकायतों पर समयबद्ध और नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करना है।
जिला नोडल अधिकारी एवं सहायक संचालक एम.के. गुप्ता ने 32वीं राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस के पंजीयन से लेकर परियोजना निर्माण तक की संपूर्ण प्रक्रिया का विस्तृत प्रस्तुतीकरण किया। उन्होंने विज्ञान आधारित परियोजनाओं के माध्यम से विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच और अनुसंधान की प्रवृत्ति विकसित करने पर जोर दिया।
जिला नोडल अधिकारी एवं सहायक संचालक यू.आर. चन्द्राकर ने इंस्पायर अवार्ड मानक योजना के अंतर्गत प्रत्येक उच्च प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालय से न्यूनतम पांच नवाचार आधारित आइडिया सिनॉप्सिस तैयार कर पोर्टल पर ऑनलाइन अपलोड करने की प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने जिले के 3,500 आइडिया अपलोड करने के लक्ष्य को 20 अगस्त तक पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने, विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण एवं नवाचार को प्रोत्साहित करने तथा विभिन्न शैक्षिक योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने विद्यालय स्तर पर योजनाओं और गतिविधियों की नियमित निगरानी करते हुए निर्धारित लक्ष्यों को समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।