विश्व क्षयरोग दिवस पर बेमेतरा जिला अस्पताल में कार्यक्रम, 100 दिवसीय टीबी मुक्त भारत अभियान शुरू

विश्व क्षयरोग दिवस पर बेमेतरा जिला चिकित्सालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां 100 दिवसीय टीबी मुक्त भारत अभियान का शुभारंभ कर लोगों को टीबी के प्रति जागरूक किया गया।

Mar 25, 2026 - 16:32
 0  0
विश्व क्षयरोग दिवस पर बेमेतरा जिला अस्पताल में कार्यक्रम, 100 दिवसीय टीबी मुक्त भारत अभियान शुरू

UNITED NEWS OF ASIA. अरुण पुरेना, बेमेतरा | बेमेतरा में विश्व क्षयरोग (टीबी) दिवस के अवसर पर जिला चिकित्सालय एमसीएच में एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के निर्देशानुसार तथा जिला क्षय अधिकारी के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ, जिसमें जनप्रतिनिधियों, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी रही।

कार्यक्रम के दौरान क्षयरोग (टीबी) के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। इसमें टीबी के लक्षण, बचाव के उपाय, समय पर जांच और नियमित उपचार के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही समाज में फैली भ्रांतियों को दूर करने और मरीजों को समय पर इलाज के लिए आगे आने के लिए प्रेरित किया गया।

इस अवसर पर जिला नगर अध्यक्ष विजय सिन्हा एवं वार्ड पार्षदों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम के दौरान विजय सिन्हा द्वारा 100 दिवसीय टीबी मुक्त भारत अभियान का शुभारंभ हरी झंडी दिखाकर किया गया।

अभियान के तहत शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष रूप से टीबी मरीजों की पहचान, समय पर जांच, उपचार और फॉलोअप पर जोर दिया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सरकार का लक्ष्य देश को टीबी मुक्त बनाना है, जिसके लिए जनसहभागिता अत्यंत आवश्यक है।

कार्यक्रम में शहरी एवं ग्रामीण मितानिन, राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम (NTEP) से जुड़े कर्मचारी तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान सभी ने टीबी मुक्त भारत बनाने की शपथ ली और आम जनता से इस अभियान में सहयोग करने की अपील की।

इस वर्ष विश्व क्षयरोग दिवस की थीम “हाँ! हम टीबी को समाप्त कर सकते हैं: देश के नेतृत्व में, लोगों द्वारा संचालित” रखी गई है। स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को लगातार खांसी, वजन कम होना, बुखार या कमजोरी जैसे लक्षण दिखाई दें, तो तुरंत जांच कराएं और समय पर उपचार लेकर इस अभियान को सफल बनाने में अपना योगदान दें।