धमतरी में अवैध डीजल भंडारण पर बड़ी कार्रवाई, 3100 लीटर डीजल जब्त

धमतरी जिले के कुरुद क्षेत्र में प्रशासन और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में अवैध रूप से संग्रहित करीब 3100 लीटर डीजल जब्त किया गया। मामले में आगे वैधानिक कार्रवाई जारी है।

Mar 25, 2026 - 15:32
 0  4
धमतरी में अवैध डीजल भंडारण पर बड़ी कार्रवाई, 3100 लीटर डीजल जब्त

UNITED NEWS OF ASIA. रिजवान मेमन, धमतरी |धमतरी जिले में अवैध पेट्रोलियम उत्पादों के भंडारण के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। कुरुद क्षेत्र में की गई इस संयुक्त कार्रवाई में करीब 3100 लीटर डीजल जब्त किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम थाना प्रभारी कुरुद को मिली शिकायत के आधार पर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) के निर्देश पर राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने कुरुद-धमतरी मार्ग स्थित सर्वेश्वर ऑटो फ्यूल्स में औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान पेट्रोल पंप के पीछे बने स्टोर रूम और परिसर में संदिग्ध रूप से डीजल का भंडारण पाया गया। जांच में 4 ड्रम पूरी तरह भरे हुए, 2 ड्रम आधे भरे हुए, 32 खाली ड्रम और 2 मिनी टैंकर वाहनों में करीब 2100 लीटर डीजल मौजूद मिला।

प्रारंभिक जांच में कुल लगभग 3100 लीटर डीजल का अवैध भंडारण सामने आया। संयुक्त टीम ने मौके पर ही उक्त पेट्रोलियम उत्पाद और संबंधित सामग्री को जब्त कर लिया।

जांच दल द्वारा पूरे प्रकरण का प्रारंभिक प्रतिवेदन तैयार कर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कुरुद को सौंप दिया गया है, जिसके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध भंडारण और परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि इस तरह की गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।