सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर नीतू बिष्ट से सड़क पर छेड़छाड़, वायरल वीडियो के बाद पुलिस ने पकड़े आरोपी, माफी के बाद छोड़े गए
सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और यूट्यूबर नीतू बिष्ट के साथ डीएनडी फ्लाईओवर से ग्रेटर नोएडा तक कार सवार युवकों द्वारा छेड़छाड़ और पीछा करने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची, आरोपियों को पकड़ा गया और माफी मांगने के बाद छोड़ दिया गया।
UNITED NEWS OF ASIA. सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और यूट्यूबर नीतू बिष्ट के साथ सड़क पर छेड़छाड़ और पीछा करने का गंभीर मामला सामने आया है। यह घटना डीएनडी फ्लाईओवर से लेकर ग्रेटर नोएडा तक की बताई जा रही है, जहां कुछ कार सवार युवकों ने नीतू बिष्ट और उनके पति का लगातार पीछा किया और बदसलूकी की।
नीतू बिष्ट ने इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा की है। उन्होंने बताया कि पीछा कर रहे युवकों ने न सिर्फ अभद्र भाषा का प्रयोग किया, बल्कि डराने-धमकाने के साथ उनकी गाड़ी को नुकसान पहुंचाने की भी कोशिश की। नीतू द्वारा शेयर किया गया वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो में नीतू बिष्ट घबराई हुई नजर आती हैं और बार-बार कहती सुनाई देती हैं, “गाड़ी रोक, गाड़ी रोक… ये लोग बहुत बदतमीजी कर रहे हैं। हम लोग बहुत डर गए थे। ये लोग हमारी गाड़ी को ठोकने की कोशिश कर रहे थे।” वीडियो में पूरे घटनाक्रम के दौरान का तनाव साफ देखा जा सकता है।
नीतू बिष्ट के पति लखन रावत ने बताया कि आरोपियों ने डीएनडी फ्लाईओवर से लेकर ग्रेटर नोएडा तक उनकी गाड़ी का पीछा किया। उनके अनुसार आरोपी होंडा सिटी कार में सवार थे और उन्होंने दो बार उनकी गाड़ी को टक्कर भी मारी। इस दौरान लगातार गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार किया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपियों को पकड़ लिया गया। मौके पर पुलिस द्वारा पूछताछ की गई, जिसके बाद आरोपियों ने नीतू बिष्ट और उनके पति से माफी मांगी। इसके बाद पुलिस ने उन्हें छोड़ दिया।
बाद में नीतू के पति लखन रावत ने एक और वीडियो जारी कर पूरे मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस शुरू में आरोपियों को जेल भेजने की तैयारी में थी, लेकिन उनके अनुरोध पर उन्हें छोड़ा गया। लखन का कहना है कि उन्हें लगा कि आरोपी संभवतः छात्र हो सकते हैं और कानूनी कार्रवाई से उनका भविष्य प्रभावित हो सकता है, इसी कारण उन्होंने पुलिस से उन्हें छोड़ने का अनुरोध किया।
लखन रावत ने नॉलेज पार्क थाना प्रभारी का आभार भी जताया और कहा कि कॉल मिलने के तुरंत बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
फिलहाल नीतू बिष्ट और उनके पति ने इस मामले में कोई एफआईआर दर्ज नहीं कराई है। हालांकि यह घटना सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद महिला सुरक्षा, सड़क पर उत्पीड़न और कानून व्यवस्था को लेकर नई बहस को जन्म दे रही है।